कोरोनावायरस जैसी लाइलाज महामारी ने पूरी दुनिया की रफ़्तार पर ब्रेक लगा दिया है । कोरोना संक्रमण को फ़ैलने से बचाने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी ने देशभर में 21 दिनों का लॉकडाउन घोषित किया है । क्या आम आदमी और क्या बड़े-बड़े सेलिब्रिटी, हर कोई अपने-अपने घरों में रहने को मजबूर है । वहीं अक्षय कुमार कोरोना वायरस को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार लोगों को जागरुक कर रहे हैं । अक्षय कुमार कभी वीडियो पोस्ट कर सभी को घरों पर रहने की अपील करते हैं तो कभी कोरोना महामारी से निपटने के लिए पीएम केयर्स फ़ंड में 25 करोड़ की मोटी रकम डोनेट कर एक मिसाल कायम करते हैं । और अब अक्षय कुमार ने 21 दिनों के इस लॉकडाउन की तुलना सलमान खान के रिएल्टी शो, बिग बॉस से कर दी है ।

अक्षय कुमार ने लॉकडाउन को बताया ‘भगवान का बिग बॉस’, कहा- ‘जो घर पर रहेगा वो बनेगा विनर’

अक्षय कुमार ने कहा कि जो घर पर रहेगा वो ही विनर बनेगा

रेडियो नशा के होम टॉकिज सेगमेंट में एक वीडियो इंटरव्यू के दौरान अक्षय ने इस लॉकडाउन को भगवान का बिग बॉस कहा । अक्षय ने कहा, ‘ये बहुत जरूरी है कि हम सब घर पर रहें । थोड़ा टाइम बिता लेते हैं छोटे छोटे वीडियो बना लेते हैं । आपके फोन आने से पहले मैं एक वीडियो कॉल पर था एक डायरेक्टर और राइटर के साथ । हम वीडियो कॉल पर पूरी स्क्रिप्ट पढ़ रहे होते हैं । किसी को बुला कर नहीं । मैं भी किसी को बुलाता नहीं क्योंकि कोई आ नहीं सकता । आना ही नहीं चाहिए । पर्सनली मिलकर जो बात होती है वो वीडियो कॉल पर नहीं हो सकती, लेकिन टैक्नोलॉजी का फायदा उठाना चाहिए ।’

अपनी सेहत का रखे ध्यान

इसके बाद अक्षय ने कहा कि, ‘आपने वो खेल देखा है ? बिग बॉस, सलमान खान का जो शो आता है ? मेरे ख्याल से ये लॉकडाउन भगवान का बिग बॉस है, भगवान जो है वो बिग बॉस है और उसने बोला है कि सब अपने अपने घर पर रहेंगे । बिग बॉस चाहते हैं तो अपने घर पर रहना पड़ता है । जो घर के अंदर रहेगा वो ही शो का विनर होगा । बीवी-बच्चों के साथ रहें, अपने हाइजीन का ध्यान रखें । अब तो बस ये ही कह सकता हूं कि चुपचाप घर पर बैठे रहे ज्यादा हिलो डुलो मत । सबसे जरूरी है सेहत का ध्यान रखना । ऐसे वक्त पर क्या होता है इंसान अपनी सेहत छोड़ देता है ।’

यह भी पढ़ें : अक्षय कुमार ने कोरोना से फ़ाइट के लिए अपनी सेविंग्स में से पीएम केयर्स फंड को डोनेट किए 25 करोड़ रु

वर्कफ़्रंट की बात करे तो अक्षय की आगामी फ़िल्में हैं- सूर्यवंशी, लक्ष्मी बम, पृथ्वीराज, बच्चन पांडे, अतरंगी रे और बेल बॉटम ।