
अभी पिछले हफ़्ते ही यह खुलासा किया गया था कि दिवाली के दौरान रिलीज होने वाली अजय देवगन की आगामी फ़िल्म गोलमाल अगेन में अजय देवगन और काजोल पर फ़िल्माया गया गाना 'नींद चुराई मेरी' जो कि 1997 में आई फ़िल्म इश्क का है, एक बार फ़िर एक नए वर्जन में पेश होगा जिसे अमाल मलिक द्दारा कंपोज किया जाएगा । और अब अजय की एक और फ़िल्म में पुराने गाने को नए कलेवर में पेश किया जाने वाला है । जी हां, अजय देवगन की आगामी एक्शन फ़िल्म बादशाहो, जो कि 1 सितंबर को रिलीज होगी, में पाकिस्तानी गायक नुसरत फ़तेह अली खान का ऑल टाइम क्लासिक गीत 'रश्के कमर' को एक नए वर्जन में फ़िल्माया जाएगा ।
मिलन लुथरिया के साथ अजय देवगन की ये तीसरी फ़िल्म है । संयोग से, दोनों के सहयोग की पहली फ़िल्म कच्चे धागे में भी नुसरत फ़तह अली खान के सभी गाने कंपोज किए गए थे, जिनमें बहुत लोकप्रिय 'तेरे बिन नहीं लग्दा' शामिल था ।
'रश्के कमर' के नए वर्जन में अजय देवगन फ़िल्म की अभिनेत्री इलियाना डिक्रूज के साथ रोमांस करते हुए नजर आएंगे । इस गाने को बीकानेर, जोधपुर और जैसलमेर की खूबसूरत जगहों पर शूट किया गया है ।
तनिष्क बागची ने इस गाने को रिक्रिएट किया और मनोज मोंताशिर ने इसे फ़िर से लिखा है । सबसे ज्यादा रुचिकर ये है कि इस गीत की ऑरिजनल लाइन में नुसरत की आवाज को बरकरार रखा जाएगा । मिलन ने खुलासा किया कि वह विशेष रूप से अजय के लिए फिल्म के लिए एक सही फ़्लेवर चाहते थे और इसलिए, उन्होंने नुसरत के गीतों के माध्यम से ब्राउज़ करने का फैसला किया । जब निर्माता भूषण कुमार ने मिलन की इच्छा के बारें में सुना तो वह इसके लिए राजी हो गए ।
यह बहुप्रतिक्षित गाना कल यानी 14 जुलाई को रिलीज होने को तैयार है ।
















