सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने हाल ही में चौंका देने वाला खुलासा किया है । हाल ही में एनडीटीवी के 'स्वास्थ्य इंडिया' की लॉन्चिग के मौके पर अमिताभ बच्चन ने खुलासा किया कि, उन्हें आठ साल तक यह पता नहीं था कि वह टीबी जैसी बीमारी से पीड़ित थे । लेकिन जब उन्हें पता चला तो उन्होंने इसका नियमित इलाज करवाया । इसी के साथ अमिताभ ने खुलासा किया कि उनके लिवर का 75 फीसदी खराब हो चुका है ।

कई हेल्थ कैम्पेन से जुड़े हैं अमिताभ बच्चन
इसी मौके पर अमिताभ ने भी कहा कि उन्हें यह बात लोगों को बताने में जरा भी बुरा नहीं लगता कि वह टीबी के मरीज रह चुके हैं । अमिताभ ने लोगों से आग्रह किया कि स्वास्थ्य की नियमित जांच करवाएं जिससे बीमारी का शुरूआत में ही पता किया जा सके और उसका उचित इलाज हो सके ।
76 वर्षीय अभिनेता, जो कई हेल्थ कैम्पेन के साथ जुड़े हुए हैं, जैसे- पोलियो, हेपेटाइटिस-बी, टीबी और मधुमेह, ने लोगों से अपील की कि लोग अपनी बीमारियों की नियमित जांच करवाएं और इलाज करवाएं । अमिताभ ने बताया, 'टीबी जैसी बीमारियों का भी इलाज होता है । मुझे करीब 8 सालों तक नहीं पता था कि मुझे टीबी है । मैं कह रहा हूं कि जो मेरे साथ हुआ, वो किसी के साथ भी हो सकता है । अगर आप जांच करवाने के लिए ही तैयार नहीं है तो आपको कुछ पता नहीं चलेगा और फिर उसका इलाज भी नहीं हो पाएगा ।''
अमिताभ बच्चन ने अपने उदाहरण पेश किए
अमिताभ ने कहा कि, "मैं हर समय अपने व्यक्तिगत उदाहरण को सबके सामने लाता रहता हूं और कोशिश करता हूं कि आप सबको इसके प्रति जागरूक कर सकूं और मुझे यह सार्वजनिक तौर पर कहते हुए बुरा नहीं लगता है कि मैं एक टीबी का और हेपेटाइटिस बी का मरीज रहा हूं । मेरे लिवर का 75 फीसदी हिस्सा खराब हो चुका है और अब मैं 25 फीसदी लिवर के सहारे जिंदगी जी रहा हूं ।''
यह भी पढ़ें : अमिताभ बच्चन ने इतने सालों बाद अपने परिवार के इस रहस्य से पर्दा हटाया
आपको बता दें कि बता दें कि बिग बी कई हेल्थ प्रॉब्लम्स का सामना कर चुके हैं और उनकी कई तरह की सर्जरी भी हो चुकी है । वहीं साल 1982 में फिल्म कुली की शूटिंग के दौरान भी बुरी तरह से घायल हो गए थे । स्थिति ऐसी थी कि डॉक्टरों ने उन्हें क्लीनिकली डेड घोषित कर दिया गया था । लेकिन बिग बी ने हिम्मत नहीं हारी और मौत को मात देकर एक मिसाल कायम की ।
















