कोरोना लॉकडाउन से प्रभावित प्रवासी मजदूरों को बस, ट्रेन और फ्लाइट से ससुरक्षित उनके घर पहुंचाने वाले बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद जरूरतमंद लोगों के लिए मसीहा बनकर सामने आए हैं । सोनू सूद ने न केवल प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुंचाया बल्कि उनके खाने-पीने का भी इंतजाम किया । सोनू की इस दरियादिली ने हर किसी का दिल जीत लिया । लेकिन सोनू की इन प्रवासी और जरूरतमंद लोगों के मदद यहीं नहीं रुकी है । अब सोनू ने ऐसे मजदूरों और कामगारों व उनके परिवार की मदद करने का फ़ैसला किया है जो घर जाते वक्त घायल हो गए थे या मर गए थे ।

कोरोना संकट में प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुंचाने वाले सोनू सूद अब घायल और मृत 400 प्रवासी मदजूरों के परिवारों की भी करेंगे आर्थिक मदद

सोनू सूद अब 400 प्रवासी मजदूरों की आर्थिक मदद करेंगे

सोनू ने ऐसे मजदूरों और उनके परिवार को आर्थिक मदद देने का फ़ैसला किया है । सोनू और उनकी टीम ऐसे 400 प्रवासी मजदूरों और कामगारों के परिवार मदद करेगी जिनकी अपने घर लौटते वक्त मौत हो गई या फिर वह घायल हो गए । सोनू और उनकी दोस्त नीति गोयल अब इन परिवारों की आर्थिक मदद, बच्चों की पढ़ाई का खर्चा उठाएगी । इन मजदूरों और कामकारों के परिवार के पास आय का कोई जरिया नहीं है ।

सोनू ने उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के अधिकारियों से मांगी जानकारी

सोनू और उनकी टीम उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के अधिकारियों के संपर्क में है और मृतक और घायल मजदूरों और कामगारों की जानकारी मांगी है । इस जानकारी में उनके परिवारों का पता और बैंक की जानकारी भी शामिल होंगी, जिससे की डायरेक्ट उनके अकाउंट में आर्थिक सहायता राशि को ट्रांसफर किया जा सकेगा । इसके अलावा सोनू और उनकी टीम इन मजदूरों और कामगारों के बच्चों की शिक्षा और उनके घर बनवाने के लिए आर्थिक मदद करेंगे ।

यह भी पढ़ें : जब एक शख्स ने सोनू सूद को दी अपने मंदिर में जगह तो सोनू को कहना पड़ा ‘अरे भाई ऐसा मत कर’

इस बारें में बात करते हुए सोनू ने कहा कि, “मैंने फैसला किया है कि जो प्रवासी मजदूर सफर के दौरान घायल या मारे गए उनके परिवार को एक सुरक्षित भविष्य दिया जाए । मुझे लगता है कि उनकी मदद करना मेरी निजी जिम्मेदारी है ।”