
लगता है दुर्घटनाओं से शाहरुख खान का पीछा ही नहीं छूट रहा है । अभी कुछ दिन पहले रईस के प्रमोशन के चलते शाहरुख खान और सनी लियोन की ट्रेन यात्रा के दौरान बड़ोदरा स्टेशन पर उनकी एक झलक पाने के लिए उमड़ी भीड़ में एक आदमी की मौत हो गई थी । अब हमने सुना है कि एक बार फ़िर शाहरुख खान एक दुर्घटना के लिए जिम्मेदार हो गए । खबर है कि बीती रात शाहरुख की कार से एक फ़ोटोग्राफ़र घायल हो गया ।
खबरों के मुताबिक, 15 मार्च को आलिया भट्ट का 24वां जन्मदिन था और आलिया को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए कई बड़े सितारें उनके घर मौजूद थे । इसी दौरान शाहरुख खान भी आलिया के घर जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे । उस दौरान उनकी कार एक फोटोग्राफर के पैर पर चढ़ गई, जिससे फोटोग्राफर जख्मी हो गया । लेकिन यहां शाहरुख खान ने अपनी बादशाहत/इंसानियत दिखाते हुए उस घायल फोटोग्राफर, जिसका नाम दीपक हुड्डा है, को नानावटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया और अपने पर्सनल डॉक्टर को उसका इलाज करने को भी कहा । यहां तक की शाहरुख खान ने उस घायल फ़ोटोग्राफ़र के इलाज का सारा खर्च भी उठाया ।
हालांकि बाद में खबरें आईं कि अब वह फ़ोटोग्राफ़र खतरे से बाहर है और उसे ज्यादा चोटें भी नहीं आई हैं । दरअसल, वह फ़ोटोग्राफ़र शाहरुख खान का फ़ोटो लेना चाहता था और इस आपाधापी में शाहरुख की कार का पहिया उसके पैर पर चढ़ गया । इस पूरी वारदात में शाहरुख उस फ़ोटोग्राफ़र के साथ पूरी विनम्रता के साथ पेश आए और उसे दिलासा दिलाया कि वह घबराए नहीं वह उनके साथ हैं । वहीं दूसरी तरफ़, मौजूद लोगों का कहना था कि गलती किसी की नहीं थी । फोटोग्राफर शाहरुख की कार के बहुत नजदीक पहुंच गए थे और यह घटना घट गई । बहरहाल अब सब कुछ ठीक है ।
















