पहले हमने आपको खबर दी थी कि, निर्देशक और फ़िल्ममेकर आनंद एल राय ने अपनी अगली फ़िल्म के लिए शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण को साइन किया । आपको बता दें कि इस फ़िल्म में शाहरुख खान एक बौने का किरदार अदा करेंगे और यह फ़िल्म इरोज इंटरनेशनल के बैनर तले बनाई जाएगी ।

बहरहाल, अब हमने सुना है कि, अभी तक यह फ़िल्म शुरू नहीं हुई है लेकिन इसका बजट सामने आ गया है । यह एक हाई बजट फ़िल्म होगी । ऐसा माना जा रहा है कि यह फिल्म शाहरूख खान के करियर की अब तक की सबसे मंहगी फिल्म होगी । इस फिल्म का पूरा बजट तकरीबन 150 करोड़ रु है । जाहिरा तौर पर फिल्म में शाहरुख खान को बौना दिखाने के लिए वीएफएक्स काम के लिए बड़ी राशि खर्च करनी होगी । शाहरुख खुद इस पर विशेष तौर पर ध्यान देंगे । क्योंकि शाहरुख का प्रोडक्शन हाउस रेड चिली एंटरटेंमेंट इस फ़िल्म को को-प्रोड्यूस करेगा ।

हालांकि, आनंद एल राय उनकी फ़िल्म को लेकर बड़े बजट की खबरों का खंडन करते हुए कहते हैं कि, "यह खान साहब के साथ एक महंगी फिल्म है क्योंकि इसमें वीएफएक्स शामिल है । लेकिन निश्चित रूप से यह 150 करोड़ रुपये तो नहीं है ।"