
गुरुवार के दिन हमने आपको बताया था कि बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण फोर्ब्स मैगजीन की सूची में दुनिया में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली अभिनेत्रियों में 10वें नंबर पर हैं । और अब सबसे ज्यादा कमाई करने वाले अभिनेताओं की सूची भी जारी कर दी गई है जिसमें हमारे बादशाह-शाहरुख खान और खिलाड़ी कुमार-अक्षय कुमार ने बाजी मारी है ।
बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान और अक्षय कुमार वर्ल्ड के ऐसे सिलेब्रिटी में शुमार हैं, जिन्होंने साल 2016 में सबसे ज्यादा कमाई की है । फोर्ब्स पत्रिका ने 2016 की अपनी सूची में बॉलीवुड सितारे शाहरूख खान, अमिताभ बच्चन, सलमान खान और अक्षय कुमार को दुनिया के सबसे अधिक पारिश्रमिक पाने वाले सितारों में शुमार किया है और इनका पारिश्रमिक हॉलीवुड के दिग्गज कलाकार रॉबर्ट डाउनी जूनियर और ब्रैड पिट के बराबर है । फ़ोर्ब्स की इस सूची में अभिनेता बने ड्वेन जॉनसन शीर्ष पर हैं ।
फ़ोर्ब्स के अनुसार दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे से लेकर चक दे इंडिया जैसी फिल्में देने वाले शाहरूख वर्ल्ड्स हाइएस्ट पेड एक्टर्स 2016 की 20 अभिनेताओं की सूची में आठवें स्थान पर हैं और 3.3 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ आयरन मैन के डाउनी जूनियर, शाहरूख के साथ इसी स्थान पर काबिज हैं । अक्षय 3.15 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ हॉलीवुड की सबसे आकर्षक शख्सियत ब्रैड पिट के साथ 10वां स्थान साझा कर रहे हैं ।
शाहरुख खान और अक्षय कुमार, दोनों ने हॉलीवुड के लियोनार्डो डिकैप्रियो, विल स्मिथ और क्रिस प्रैट जैसे दिग्गज अभिनेताओं को भी मात दे दी जिन्होंने पिछले साल काफ़ी हिट फ़िल्में दी ।
हालांकि सलमान खान और अमिताभ बच्चन टॉप 10 सूची में तो शामिल नहीं हो पाए लेकिन टॉप 20 की लिस्ट में जरूर शुमार हो गए हैं । जहां सलमान दुनिया के सबसे अधिक पारिश्रमिक पाने वाले सितारों में 28.5 लाख डॉलर के साथ 14वें नंबर पर हैं वहीं अमिताभ बच्चन 20 मिलियन डॉलर के साथ 18वें स्थान पर हैं ।
















