
पाकिस्तानी अभिनेता फ़वाद खान, जिसने लगता है करण जौहर के साथ एक अच्छा खासा तालमेल बना लिया है, निर्माता-निर्देशक करण जौहर के साथ तीसरी बार साथ काम करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं । फ़िल्म कपूर एंड संस और ए दिल है मुश्किल, जिसमें फ़वाद कैमियो कर रहे हैं, के बाद फ़वाद खान को धर्मा प्रोडक्शन की अगली फ़िल्म में कैटरीना कैफ़ के अपोजिट साइन किया गया है ।
हालांकि फ़िल्म के बारें में अभी कुछ ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है क्योंकि फ़िल्म अभी अपनी शुरूआती अवस्था में है, लेकिन फ़िर भी हमें पता चला है कि फ़िल्म के नवोदित निर्देशक आदित्य धार की ये फ़िल्म उत्तर भारतीय, पंजाबी परिवारों की पृष्ठभूमि पर बेस्ड होगी । सुनने में आया है कि फ़िल्म की शूटिंग नवम्बर से दिल्ली में शुरू होगी । यह भी कहा जा रहा है कि फ़िल्म की शूटिंग बड़े स्तर पर विदेश में की जाएगी ।
















