बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक, कार्तिक आर्यन आज 22 नवंबर को अपना 35वां जन्मदिन मना रहे हैं । बिना किसी गॉड फादर के बॉलीवुड में अपनी जगह बनाने वाले कार्तिक आर्यन आज के समय से सबसे डिमांडिंग अभिनेताओं में से एक हैं । एक के बाद एक हिट देने वाले कार्तिक आर्यन जल्द ही अपने करियर की अब तक की सबसे अनूठी फ़िल्म, नागज़िला में ‘नाग’ के किरदार में नजर आने वाले हैं । और आज कार्तिक आर्यन के जन्मदिन पर नागज़िला के मेकर्स महावीर जैन और मृगदीप सिंह लांबा ने एक्टर के साथ एक और फ़िल्म करने का फ़ैसला किया है । ये एक कॉमेडी ड्रामा होगी ।

नागज़िला के बाद कार्तिक आर्यन के साथ एक हाई-कॉन्सेप्ट कॉमेडी फ़िल्म
साल 2026 में रिलीज होने वाली नागज़िला एक क्रिएचर कॉमेडी फ़िल्म है जिसे करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस और महावीर जैन फ़िल्म्स द्वारा निर्मित है, जिसमें मृगदीप सिंह लांबा द्वारा डायरेक्ट किया जा रहा है । इस फिल्म में कार्तिक एक शेप शिफ्टिंग ‘नाग’ की भूमिका में नज़र आने वाले हैं ।
सूत्रों के अनुसार, नागजिला पर कार्तिक के साथ काम कर रही टीम भविष्य में एक और फिल्म करने की योजना बना रही है। एक सूत्र ने बताया, “महावीर जैन और मृगदीप सिंह लांबा कार्तिक के साथ एक और प्रोजेक्ट करना चाहते हैं। जैसे नागजिला एक नए कॉन्सेप्ट वाली फिल्म है, वैसे ही यह भावी प्रोजेक्ट भी एक हाई-कॉन्सेप्ट कॉमेडी होगी मुन्ना भाई एमबीबीएस जैसे टोन वाली। दोनों निर्माता मानते हैं कि कार्तिक जैसा सक्षम कलाकार इस तरह की फिल्म को बेहतरीन तरीके से लीड कर सकता है।”
सूत्र ने आगे बताया, “नागजिला की शूटिंग के दौरान महावीर जैन और मृगदीप सिंह लांबा, कार्तिक आर्यन के साथ काम करके बेहद खुश हैं। उन्हें कार्तिक का मिलनसार, खुशमिज़ाज स्वभाव और प्रोफेशनल कार्यशैली बहुत पसंद है। यही वजह है कि वे उनके साथ फिर काम करना चाहते हैं और इसी सोच के साथ उन्होंने इस नए प्रोजेक्ट के लिए कार्तिक से संपर्क किया है।”
महावीर जैन इससे पहले भी कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुके हैं, जिनमें राजश्री प्रोडक्शंस के साथ ऊंचाई (2022), सिद्धार्थ आनंद और विक्रांत मैसी के साथ इंटरनेशनल थ्रिलर White, सूरज बड़जात्या की आगामी फिल्म ये प्रेम मोल लिया—जिसमें आयुष्मान खुराना और शरवरी लीड रोल में हैं और रमन माधवानी निर्देशित टाइगर श्रॉफ स्टारर एक स्पिरिचुअल एक्शन थ्रिलर शामिल है।
















