
पिछले साल, दीपिका पादुकोण ने बॉक्सऑफ़िस पर एक के बाद एक हिट फ़िल्में देकर इतिहास रच दिया । लेकिन इस साल दीपिका पादुकोण बॉक्सऑफ़िस पर ज्यादा नजर नहीं आईं, इसकी वजह उनकी हॉलीवुड फ़िल्म ट्रिपल एक्स ; द ज़ेंडर केज । बहरहाल अब दीपिका भारत वापस लौट आईं हैं और बॉलीवुड में अपना फ़ोकस कर रही हैं । भारत आते ही दीपिका अपने सबसे पसंदीदा फ़िल्ममेकर संजय लीला भंसाली से मिलने गईं और उनकी आगामी फ़िल्म रानी पदमावती, जिसमें दीपिका मुख्य भूमिका में है, की शूटिंग के लिए अपनी डेट्स दी ।
ऐतिहासिक ड्रामा फ़िल्म रानी पदमावती में एक बार फ़िर संजय लीला भंसाली, दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की तिकड़ी नजर आएगी । भव्यता और रोमांस से भरी रानी पदमावती की कहानी चित्तौड़ की रानी पद्मावती के प्रति खूंखार सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी के दीवानेपन पर आधारित होगी । फिल्म में दीपिका पादुकोण चित्तौड़ के राजा रतनसेन की पत्नी रानी पद्मिनी (पद्मावती) का किरदार निभा रही हैं । रणवीर सिंह अलाउद्दीन खिलजी का किरदार निभा रहे हैं ।
खबर है कि शुरू होने से पहले ही तमाम विरोध झेल चुकी भंसाली की महत्वाकांक्षी फ़िल्म रानी पद्मावती की शूटिंग अक्टूबर महीने से शुरू हो जाएगी । जाहिरतौर पर फ़िल्म के लिए मेहबूब स्टूडियो में एक भव्य सेट सज चुका है । जहां फ़िल्म का मुहुर्त शॉट किया जाएगा । यह भी कहा जा रहा है कि इस फ़िल्म की कुछ शूटिंग फ़िल्म सिटी गोरेगांव में की जाएगी ।
संजय लीला भंसाली की आगामी फ़िल्म रानी पदमावती में दीपिका पादुकोण के अलावा रणवीर सिंह, शाहिद कपूर मुख्य भूमिका में नजर आएंगे । यह फ़िल्म साल 2017 में क्रिसमस के दौरान रिलीज होगी । सुनने में आया है कि बॉक्सऑफ़िस पर इस फ़िल्म का सामना संजय दत्त की बायोपिक और सलमान खान की टाइगर जिंदा है, फ़िल्म से होगा ।
















