पठान की सुपर सक्सेस के बाद अब शाहरुख खान की जवान का सभी को बेसर्बी से इंतज़ार है । और जवान भी अपनी रिलीज़ से बस कुछ ही दिन दूर हैं । हालाँकि थिएटर में सनी देओल की गदर 2 ब्लॉकबस्टर बिजनेस कर रही है, लेकिन फिर भी इंडस्ट्री की नजर शाहरुख खान की फिल्म जवान पर भी है । उम्मीद जताई जा रही है की पठान का इतिहास एक बार फिर दोहराया जाएगा । 7 सितंबर को बड़े पैमाने पर रिलीज होने वाली जवान की सेंसर प्रक्रिया भी आज पूरी हो गई और फ़िल्म को मामूली कट्स के साथ पास कर दिया गया है ।

BREAKING: शाहरुख खान की जवान को सेंसर बोर्ड ने U/A सर्टिफिकेट के साथ किया पास ; पठान की तुलना में CBFC ने महज 7 कट्स का दिया निर्देश

शाहरुख खान की जवान की सेंसर प्रक्रिया आज पूरी हुई

बॉलीवुड हंगामा को पता चला है कि जवान को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) द्वारा यू/ए प्रमाणपत्र के साथ पास किया गया है । हालांकि, मेकर्स को फिल्म में सात बदलाव करने के लिए भी कहा गया था । इसमें शामिल हैं- आत्महत्या के दृश्यों को उपयुक्त रूप से कम करने को कहा गया । सिर कटे शव के हिंसक दृश्य हटाने को कहा गया । भारत के माननीय राष्ट्रपति के 'संदर्भ से बाहर' संदर्भ को उचित रूप से संशोधित किया गया और उसे 'राज्य प्रमुख' शब्द से बदल दिया गया । ऐसा दूसरी जगह भी किया गया जहां डायलॉग को 'वीरता पदक' से रिप्लेस कर दिया गया । फिर 'तब तक बेटा वोट डालने...' डायलॉग में से 'पैदा होके' शब्द हटा दिए गए ।

फिर 'उंगली करना' को 'उसे इस्तेमाल करो' से रिप्लेस कर दिया गया और 'घर, पैसा...की बुनियाद पर' डायलॉग में 'संप्रदाय' शब्द जोड़ दिया गया । 1 घंटा 39 मिनट बाद एक डायलॉग आता है जिसे संशोधित कर 'क्योंकि विदेशी भाषा है' और 'मेरी कंपनी के विशेषज्ञ प्रशिक्षक...मेरे खर्चे पर' कर दिया गया ।

अंत में, एनएसजी (राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड) के 'अप्रासंगिक संदर्भ' हटा दिए गए । दरअसल, एनएसजी को जवान में संशोधित कर आईआईएसजी कर दिया गया है ।

इन बदलावों के बाद 22 अगस्त को जवान के निर्माताओं को सेंसर सर्टिफिकेट दिया गया । फिल्म को यू/ए सर्टिफिकेट के साथ पास किया गया है । सेंसर सर्टिफिकेट के अनुसार फिल्म की लंबाई 169 मिनट है । यानी जवान 2 घंटे और 49 मिनट लंबी है। फिल्म 7 सितंबर 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।

जवान की कट लिस्ट, पठान की तुलना में अपेक्षाकृत छोटी है । फिल्म को सीबीएफसी के हाथों 10 कट्स का सामना करना पड़ा । दीपिका पादुकोण के हिप्स के क्लोज़-अप शॉट, 'बहुत तंग किया' गाने के दौरान 'साइड पोज़ (आंशिक नग्नता)' शॉट्स और सेंसुअश दृश्यों को हटा दिया गया या बदलाव कर दिया गया । बॉलीवुड हंगामा ने पठान के सेंसर की खबर को सबसे पहले अपने रीडर्स तक पहुँचाया था और उसके बाद ये खबर देखते ही देखते वायरल हो गई थी । और अब जवान की सेंसर रिपोर्ट को भी हमने ही सबसे पहले अपने रीडर्स तक पहुँचाया है ।