आयुष्मान खुराना की ड्रीम गर्ल 2 इस शुक्रवार, 25 अगस्त को रिलीज़ होने के लिए पूरी तरह तैयार है और दर्शकों के बीच इसे लेकर ख़ासा उत्साह है । गदर 2 से प्रतिस्पर्धा के बावजूद, कॉमिक फ़िल्म ड्रीम गर्ल 2 लोगों के बीच जगह बनाने में कामयाब हो पाई है जिसका सबूत एडवांस बुकिंग में देखने को मिला रहा है । रिलीज़ से बस दो दिन दूर ड्रीम गर्ल 2 ने अपनी सेंसर प्रक्रिया भी पूरी कर ली है । और बॉलीवुड हंगामा को फ़िल्म के सेंसर सर्टिफिकेट से लेकर कट्स और रन टाइम को लेकर एकस्लूसिव डिटेल पता लगी है ।

आयुष्मान खुराना की ड्रीम गर्ल 2 को मिला सेंसर सर्टिफिकेट
केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने 16 अगस्त को ड्रीम गर्ल 2 को यू/ए प्रमाणपत्र सौंपा । हालांकि, जांच समिति ने मेकर्स को फ़िल्म में चार बदलावों का निर्देश दिया । उन्होंने दो जगहों पर 'बी*****डी' शब्द को म्यूट कर दिया । खतना पर एक डायलॉग, 'फिर से ख़तना करवाऊंगा, जितना भी बचा है', दृश्यों को हटा दिया गया । 'बहन क्यों दे दी' डायलॉग में कुछ संशोधन किया गया । सेकेंड हाफ़ की शुरुआत से पहले एक धूम्रपान-विरोधी विज्ञापन डाला गया और धूम्रपान दृश्यों में एक धूम्रपान-विरोधी टिकर लगाया गया । सेंसर सर्टिफिकेट 16 अगस्त को दिया गया था । उस वक्त ड्रीम गर्ल 2 का रन टाइम 133 मिनट यानी 2 घंटे 13 मिनट था ।
बताए गए बदलावों के साथ 21 अगस्त को, ड्रीम गर्ल 2 के निर्माताओं ने फिर से सीबीएफसी से संपर्क किया और स्वेच्छा से फिल्म के 28 मिनट हटा दिए । साथ ही उन्होंने 25:31 मिनट की फुटेज भी जोड़ी ।कुल मिलाकर, निर्माताओं ने 12 दृश्य हटा दिए और 16 नए सीन जोड़े । एक अंदरूनी सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “किसी फिल्म निर्माता के लिए स्वेच्छा से इतने सारे दृश्य जोड़ना और हटाना बहुत दुर्लभ है, वह भी सेंसर प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद ।” बदलावों के साथ अब ड्रीम गर्ल 2 का फ़ाइनल रन टाइम 130 मिनट, यानी 2 घंटे और 10 मिनट हो गया है ।
ड्रीम गर्ल 2 में आयुष्मान खुराना, अनन्या पांडे, परेश रावल, अन्नू कपूर, मनजोत सिंह, विजय राज और अन्य कलाकार हैं । इसका निर्देशन राज शांडिल्य ने किया है, जिन्होंने ड्रीम गर्ल के पहले भाग का भी निर्देशन किया था, जो 2019 में रिलीज़ हुई थी ।
















