देश के सबसे लोकप्रिय कॉमेडियन कपिल शर्मा अपनी कॉमेडी और हाज़िर जवाबी के लिए ख़ासतौर पर जाने जाते हैं । टीवी के चर्चित शो, द कपिल शर्मा की वजह से कपिल शर्मा हर घर में पहचाना जाने वाला नाम बन चुका है । और अब एक बार फिर सभी को हंसाने वाले कपिल शर्मा, फ़िल्मों में अपनी वापसी कर रहे हैं । किस किसको प्यार करूं (2015) से अपना बॉलीवुड डेब्यू करने वाले कपिल की पिछली फ़िल्म फिरंगी (2017) थी, इसके बाद उन्होंने एक लंबा ब्रेक लिया और अब एक बार फिर कपिल ने फ़िल्मों में अपनी वापसी की है लेकिन इस बार कॉमेडी जॉनर से नहीं बल्कि इमोशनल और दिल छू लेने वाली फ़िल्म ज्विगाटो के साथ । ज्विगाटो में कपिल शर्मा के अपोज़िट शहाना गोस्वामी नज़र आ रही हैं । यह फ़िल्म भारत में 17 मार्च को रिलीज हो रही है ।

कपिल शर्मा की फ़िल्म ज्विगाटो
ज्विगाटो में कपिल फूड डिलीवरी बॉय के किरदार में नज़र आएंगे । आज फ़िल्म का ट्रेलर लॉन्च हुआ और इस मौक़े पर कपिल के साथ फ़िल्म के मेकर्स से लेकर स्टार कास्ट भी शामिल हुई । अपनी फ़िल्म ज्विगाटो के ट्रेलर लॉन्च पर कपिल ने कहा, “मैं नंदिता दास के काम का प्रशंसक रहा हूं । इसलिए मैं पहले से ही 50% आश्वस्त था कि वह मुझे जो भी ऑफ़र करेंगी मैं उसे कर लूंगा । आखिरकार, जब आप किसी की और उनके काम की प्रशंसा करते हैं, तो आप उस व्यक्ति पर भरोसा करते हैं । इसके अलावा वह सीमित फिल्में बनाती हैं । वह उनमें से नहीं हैं जो साल में दो फिल्में बनाती हैं । वह अपना पूरा समय प्रोजेक्ट में लगाती हैं । मुझे एहसास हुआ कि अगर वह मुझे कास्ट करने के बारे में सोच रही हैं, तो इसके पीछे कोई कारण होगा ।”
कपिल शर्मा ने आगे कहा, “जब उन्होंने ज्विगाटो की कहानी सुनाई, तो मुझे एहसास हुआ कि यह लाइफ़टाइम अपोर्चयूनिटी है । क्योंकि, कोई भी मुझे गंभीरता से नहीं लेता है । मेरी बीवी ने भी शादी के एक दो साल बाद मुझे गंभीरता से लिया, जब मैं बाप बन गया । जब तक आप कुछ नहीं करते, तब तक लोग आपको अलग नज़र से नहीं देखेंगे । इसलिए मैं नंदिता दास और निर्माता समीर नायर को, मुझ पर विश्वास करने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं ।”
इसके बाद कपिल दिलचस्प खुलासा करते हुए कहा, “मैंने कहानी सुनाने के बाद नंदिता मैम से पूछा कि उन्होंने इस भूमिका के लिए मुझे क्यों चुना । तो उन्होंने मुझे कुछ बड़ी अच्छी बातें बोली । मुझे तब थोड़ी देर के लिए समझ में नहीं आया कि ये मेरी तारीफ थी या अपमान ! उन्होंने कहा, “इस फिल्म के लिए मुझे ग्लोबल स्टार शाहरुख खान भी हां करेंगे, तो भी मैं उनको नहीं लुंगी । तुम्हारा चेहरा आम आदमी जैसा है इसलिए, मुझे लगता है कि तुम इस किरदार के लिए परफ़ेक्ट हो ।”
कपिल ने अपनी बात ख़त्म करते हुए कहा, “मैंने भी जीवन में बहुत संघर्ष देखा है। इसलिए, इस तरह (भूमिका निभाना) मुश्किल नहीं थी मेरे लिए ।”
नंदिता दास द्वारा निर्देशित और लिखित ज्विगाटो की बात करें तो, यह फिल्म एक एक्स-फ़ैक्टरी फ़्लोर मैनेजर की कहानी दर्शाती है, जो महामारी के दौरान अपनी नौकरी खोने के बाद एक फूड डिलीवरी राइडर बन जाता है और फिर उसकी जिंदगी रेटिंग और इंसेंटिव्स के बीच नेविगेट करती है। इस बीच उसकी होम मेकर पत्नी नए काम के अवसरों की खोज करते हुए उसकी एक बड़ी सपोर्ट सिस्टम बनती है । ज़्विगाटो, दिलों को छू लेने वाली एक ऐसी कहानी है जो लचीलेपन, उम्मीद और कभी न टूटने वाली ह्यूमन स्पिरिट को दर्शाती है। फिल्म उन लोगों के संघर्षों को कैप्चर करती जिनका रोजमर्जा की जिंदगी में वो सामना करते है, जिन्हें अक्सर अनदेखा कर दिया जाता है। लेकिन मुश्किल भरे इस सफर में छोटे छोटे प्यार भरे और हंसी के पल भी है जिसकी वजह से कहानी देखने लायक है ।
















