16 जुलाई 2010 को रिलीज हुई फ़िल्म उड़ान ने आज 10 साल पूरे कर लिए हैं । विक्रमादित्य मोटवनी द्वारा निर्देशित व संजय सिंह, अनुराग कश्यप और रोनी स्क्रूवाला द्वारा निर्मित उड़ान में ‘रोहन’ के किरदार में नजर आए अभिनेता रजत बरमेचा ने अपनी डेब्यू फ़िल्म से ही अपने शानदार अभिनय का जादू सभी पर चला दिया था । उड़ान जैसी अवॉर्ड विनिंग फ़िल्म से अपना फ़िल्मी करियर शुरू करने वाले रजत बरमेचा इसके बाद कई अच्छे प्रोजेक्ट का हिस्सा रहें, जिसमें शॉर्ट फ़िल्म से लेकर वेब सीरिज शामिल हैं । रजत की एक शॉर्ट फ़िल्म, द फ़िनिश लाइन ने तो बेस्ट शॉर्ट फ़िल्म के लिए नेशनल अवॉर्ड भी जीता था। हाल ही के दिनों में रजत वेब सीरिज हे प्रभु में नजर आएं । इसमें उनके अभिनय को इतना सराहा गया कि अब लोग इसके दूसरे सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं । उड़ान के 10 साल पूरा होने पर रजत बरमेचा ने बॉलीवुड हंगामा के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत की जिसमें उन्होंने अपने बारें में और अपने आगामी प्रोजेक्ट्स के बारें में खुलकर बात की । इसी के साथ रजत ने इन दिनों सबसे ज्यादा चल रहे नेपोटिज्म मुद्दे पर भी अपनी राय रखी ।

रजत बरमेचा ने उड़ान से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था
उड़ान जैसी कंटेंट बेस्ड फ़िल्म देने वाले रजत मानते हैं कि अब लोग कंटेंट बेस्ड फ़िल्म देखना ज्यादा पसंद करते हैं । जब उड़ान आई थी तब कंटेंट बेस्ड फ़िल्म को लेकर इतना उत्साह नहीं था । उस दौर में कोई भी छोटी फ़िल्म में पैसा नहीं लगाता था । लेकिन आज वो दौर है जब लोग विश्व सिनेमा देखते हैं तो लोगों में बेसिक समझ आ गई है और वो कंटेंट बेस्ड फ़िल्म को देखना पसंद करने लगे हैं ।
सवाल- उड़ान जैसी अवॉर्ड विनिंग फ़िल्म के बाद यकीनन आपको कई फ़िल्में ऑफ़र हुई होंगी, तो क्या कोई ऐसी फ़िल्म भी थी जिसे आपने उस वक्त न कह दिया हो लेकिन बाद में वो फ़िल्म एक हिट साबित हुई हो ?
जवाब- जी हां, ऐसी फ़िल्म थी जिसे मैंने न कहा था और वो बाद में बड़ी हिट साबित हुई । लेकिन उसके न करने का मुझे कोई अफ़सोस नहीं हुआ क्योंकि मेरे हिसाब से उस फ़िल्म में मेरे करने के लिए ज्यादा कुछ नहीं था इसलिए मैंने उसे न कहा था । लेकिन वो फ़िल्म हिट हुई इसकी मुझे बहुत खुशी है ।
सवाल- बॉलीवुड में नेपोटिज्म और खेमेबाजी जैसी बातें इन दिनों सोशल मीडिया पर बहुत सुनने में आ रही हैं, तो क्या बॉलीवुड में रहते हुए आपने भी ये चीजें कभी महसूस की हैं ?
जवाब- असल में, ये सब करते हैं किसी न किसी लेवल पर, लेकिन बात ये है कि आप इस पर कितना रिएक्ट करते हैं, वो ज्यादा मायने रखता है । नेपोटिज्म तो हर प्रोफ़ेशन में होता है, बॉलीवुड में भी है इसलिए इस पर कोई बहस नहीं कर सकते । लेकिन नेपोटिज्म को लेकर मेरा मानना ये है कि नेपोटिज्म पर रिएक्ट करके मैं वैसे भी कुछ कर तो पाउंगा नहीं, तो फ़िर फ़ायदा क्या है । या मैं ऐसा सोचूं कि अरे, ये नहीं होता तो वैसा होता, या वो नहीं होता तो ऐसा होता, इसका कोई मतलब नहीं है । मैं अपने अनुसार प्रोजेक्ट्स चुनता हूं । बेसिकली मुझे नेपोटिज्म से इतनी प्रोब्लम अभी भी नहीं है । यदि कोई फ़िल्ममेकर अपने किसी रिलेटिव को फ़िल्म देता है तो मेरे हिसाब से वो गलत नहीं है, लेकिन जब आप ऐसा करने के लिए किसी को नीचा दिखाने का काम करते हैं या इसकी वजह से कोई नकारात्मक रूप से प्रभावित हो रहा है और फ़िर भी आपको कोई फ़र्क नहीं पड़ता, तो वो गलत है । इसलिए मेरे हिसाब से नेपोटिज्म से बड़ी प्रोब्लम किसी को नीचा दिखाना या कहें कि खेमेबाजी है । और मेरे लिए ये गलत है ।
सवाल- आपकी वेब सीरिज हे प्रभु का दूसरा सीजन कब तक अपेक्षित है ?
जवाब- लॉकडाउन की वजह से अभी सब कुछ होल्ड पर चला गया है लेकिन जैसे ही, जब सब कुछ नॉर्मल होगा, तो इस पर काम शुरू हो जाएगा । लेकिन अभी ये नहीं कहा जा सकता कि ये साल के अंत तक शुरू होगा या फ़िर साल 2021 की शुरूआत में, बस निश्चितरूप से हे प्रभु का दूसरा सीजन आएगा ।
सवाल- आप लॉकडाउन के दौरान कुछ स्क्रिप्ट लिख रहे हैं ?
जवाब- हां मैंने स्क्रिप्ट लिखी है और लॉकडाउन की वजह से वो पूरी भी हो गई है । ये मैंने पिछले साल लिखना शुरू किया था लेकिन तब मैं इसे ज्यादा समय नहीं दे पाया । लेकिन अब लॉकडाउन की वजह से करने के लिए कुछ है नहीं, तो अब मैंने इसे टाइम दिया और फ़िर महज तीन दिन में ही पूरा कर दिया । अब इस पर काम तो अगले साल ही शुरू हो पाएगा ।
सवाल- तो क्या आप एक प्रतिभाशाली एक्टर होने के साथ-साथ लेखक भी हैं ?
जवाब - मैं पहले लेखक नहीं था लेकिन उड़ान की वजह से मैं लेखक बन गया क्योंकि उसमें मेरा किरदार ऐसा था जो लेखक बनना चाहता था । असल जिंदगी में रजत ने रोहन की और रोहन ने रजत की जिंदगी को बहुत प्रभावित किया । आज जब उड़ान को 10, साल पूरे हो गए हैं तो मुझे लगता है कि आज मैं जो कुछ भी हूं उसमें उड़ान के रोहन का बहुत असर है । मैं उस किरदार का बहुत शुक्रगुजार हूं जिसने मुझे बहुत कुछ सिखाया ।
सवाब- आपके अपकमिंग प्रोजेक्ट्स ?
जवाब- सबसे पहले तो हे प्रभु का दूसरा सीजन आएगा । उसके बाद, मैं कोशिश करुंगा कि जो मैंने स्क्रिप्ट लिखी है उस पर काम शुरू हो जाए तो उसमें एक्टर मैं ही बनूंगा और फ़ीमेल एक्ट्रेस कोई विदेशी एक्ट्रेस होगी । इसके अलावा लॉकडाउन में मुझे कई ऑफ़र्स आएं है जो मुझे काफ़ी प्रोमिसिंग लगे हैं तो मैं उन पर विचार कर रहा हूं । जल्द ही कोई फ़ैसला ले लूंगा ।
















