यौन शोषण, बलात्कार और छेड़छाड़ को उजागर करने के लिए चला #MeToo आंदोलन पर मचा हंगामा आज भी शांत नहीं हुआ है । #MeToo अभियान के तहत बॉलीवुड इंडस्‍ट्री के कई अभिनेताओं और फिल्म निर्माताओं पर यौन उत्पीड़न और बलात्कार के आरोप लगे थे । यौन उत्पीड़न एवं बलात्कार की खौफनाक कहानियों के साथ कई महिलाएं सामने आई और तभी से इस आंदोलन ने एक उग्र रूप अख्तियार कर लिया है । लेकिन बीजेपी सांसद और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने #MeToo आंदोलन पर अपनी राय रखकर एक नई मुसीबत मोल ले ली है । सोशल मीडिया पर शत्रुघ्न सिन्हा की उनके इस बयान पर जमकर आलोचना की जा रही है ।

 #MeToo आंदोलन का मजाक बनाने वाले शत्रुघ्न सिन्हा पर भड़के लोग, सोशल मीडिया पर हो रही है जमकर आलोचना

#MeToo आंदोलन को शत्रुघ्न सिन्हा में मजाक में लिया

आपको बता दें कि कल एक बुक लॉंच ईवेंट में शत्रुघ्न ने #MeToo आंदोलन को एक अलग दिशा देते हुए कहा था कि, "आज मीटू का समय है और कहने में कोई शर्म या संकोच नहीं होना चाहिए कि सफल व्यक्ति के पतन के पीछे महिला है । मैंने इस आंदोलन में जो देखा है उसमें सफल पुरुषों की परेशानियों और बदनामी के पीछे ज्यादातर महिलाएं हैं । मैं वास्तव में खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि आज के समय में तमाम हरकतें करने के बावजूद मेरा नाम मीटू आंदोलन में नहीं आया । इसलिए, मैं अपनी पत्नी की बात मानता हूं और कभी-कभार अपनी पत्नी को कवच बनाकर चलता हूं ताकि कुछ न हो तो भी मैं दिखा सकूं कि 'मैं खुशहाल शादीशुदा हूं, मेरा जीवन अच्छा है ।''

बाद में दी अपनी सफ़ाई

लेकिन इसके बाद जब उनसे उसी किताब विमोचन कार्यक्रम में एक पत्रकार ने उनके मीटू का मजाक बनाने पर सवाल किया तो उन्होंने बाद में अपनी सफ़ाई देते हुए कहा कि वह #MeToo आंदोलन का मज़ाक नहीं उड़ा रहे हैं, वह इसका सम्मान करते हैं और उन महिलाओं को सराहते हैं जिन्होंने आगे बढ़कर इसका खुलासा किया । इसी के साथ उन्होंने कहा कि, कृपया #MeToo आंदोलन पर उनकी टिप्पणी को एक 'साफ़ हास्य' के तौर पर लिया जाना चाहिए ।

यह भी पढ़ें : #MeToo पर खुलकर बोले शत्रुघ्न सिन्हा - ''मैं बहुत लकी हूं कि तमाम हरकतों के बाद मेरा नाम #MeToo में नहीं आया''

लेकिन लगता है लोगों ने शत्रुघ्न के इस बयान को हल्के में और मजाक में नहीं लिया है । इसी बाबtर शत्रुघ्न को सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोल किया जा रहा है । लोगों ने ट्विटर पर शत्रुघ्न की इस बयान को लेकर कड़ी आलोचना की है । कई लोगों को तो इसलिए भी यह रास नहीं आया क्योंकि वह एक ऐसी अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा के पिता हैं जो महिला विरोधी मुद्दे पर बेबाकी से अपनी राय रखती है ।