ट्विंकल खन्ना अपने चुटीले अंदाज़ और हाज़िरजवाबी के लिए हमेशा सुर्खियों में रहती हैं। बतौर कॉलमिस्ट और लेखिका, उन्होंने रिश्तों, शादी और पैरेंटिंग पर कई बार खुलकर राय रखी है। लेकिन इस बार उन्होंने कुछ अलग किया है। हाल ही में उन्होंने द रोज़ेज़ फिल्म का रिव्यू शेयर किया था, और अब उसी फिल्म से प्रेरित होकर इंस्टाग्राम पर उन्होंने एक मज़ेदार स्किट पोस्ट किया है, जिसमें वह पति और पत्नी दोनों का किरदार निभाती दिख रही हैं।

मूंछ लगाकर ‘पति’ बनी ट्विंकल खन्ना ने दिखाई शादीशुदा जीवन की खींचतान ; हॉलीवुड फ़िल्म द रोज़ेज़ को फनी अंदाज में किया प्रमोट

ट्विंकल खन्ना ने द रोज़ेज़ पर बनाया मज़ेदार स्किट

इस वीडियो में ट्विंकल कभी नकली मूंछ लगाकर पति की भूमिका निभाती हैं तो कभी सलवार-कमीज़ पहनकर पत्नी के रूप में नज़र आती हैं। दिलचस्प यह है कि स्किट में पति घर के कामकाज में उलझा दिखता है जहाँ वह झाड़ू-पोंछा और रसोई संभालता है। जबकि पत्नी ऑफिस के काम में व्यस्त रहती है। यह अदला-बदली न केवल हँसी पैदा करती है बल्कि शादीशुदा ज़िंदगी की वास्तविकताओं को भी उजागर करती है, जहाँ अक्सर पति-पत्नी ज़िम्मेदारियों के बीच खींचतान महसूस करते हैं।

ट्विंकल खन्ना ने हमेशा अपनी बातों को हल्के-फुल्के अंदाज़ में लेकिन सटीक ढंग से रखने की कला दिखाई है। फिल्मों पर उनकी टिप्पणी बहुत कम देखने को मिलती है, लेकिन द रोज़ेज़ ने उनकी रचनात्मकता को एक नया मंच दिया। फिल्म की कहानी आधुनिक रिश्तों में प्यार, प्रतिस्पर्धा और टकराव के पहलुओं को और तीखे ढंग से पेश करती है। ट्विंकल का यह स्किट उसी भावना को आगे बढ़ाता है, जिसे उन्होंने अपने चुटीले अंदाज़ से और भी रोचक बना दिया।

द रोज़ेज़ का निर्देशन जय रोच ने किया है और पटकथा टोनी मैकनमारा ने लिखी है। फिल्म में ऑलिविया कोलमैन, बेनेडिक्ट कंबरबैच, केट मैकिनन और एंडी सैमबर्ग जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारे मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म इन दिनों भारत के सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है और दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

ट्विंकल खन्ना का यह स्किट दर्शकों के लिए सिर्फ हंसी-ठिठोली नहीं बल्कि शादीशुदा रिश्तों की असलियत की झलक भी है,बिल्कुल द रोज़ेज़ की तरह।