कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी एक बार फिर भूल भुलैया 2 के बाद सत्यप्रेम की कथा में एक साथ नज़र आएँगे । साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन में बनी सत्यप्रेम की कथा एक प्योर रोमांटिक ड्रामा है । फ़िल्म के ट्रेलर से लेकर गानों को लोगों द्वारा सराहा जा रहा है । और अब सभी को फ़िल्म की रिलीज़ का बेसब्री से इंतज़ार है । हालाँकि सत्यप्रेम की कथा 29 जून को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है लेकिन फ़िल्म का प्रमोशन उतनी स्पीड से नहीं हो रहा जितना अन्य फ़िल्मों का होता है । सत्यप्रेम की कथा के प्रमोशन की स्लो स्पीड के पीछे का कारण ख़ुद फ़िल्म के लीड एक्टर कार्तिक आर्यन ने फ़िल्म के गाने ‘सुन सजनी’ के लाउंचा के दौरान बताया । कार्तिक ने बताया की, सत्यप्रेम की कथा का प्रमोशन धीरे-धीरे किया जा रहा है क्योंकि ये सोची समझी रणनीति है ।

कार्तिक आर्यन ने बताया सत्यप्रेम की कथा के स्लो प्रमोशन का कारण
कार्तिक ने सत्यप्रेम की कथा की नई मार्केटिंग स्ट्रेटजी के बारें में बात करते हुए कहा, “अब काफ़ी नए तरीक़े से फ़िल्म के प्रमोशन हो रहे हैं । हमारी फ़िल्म की टीम और मार्केटिंग टीम ने भी एक अलग तरह की रणनीति बनाई है । हमारा ध्यान पहले कंटेंटे पर ज़्यादा रहा और फ़ैसला किया की पहले कंटेंट को सामने लाते हैं । उसके बाद प्रमोशनल कैंपेन शुरू करेंगे । भूल भूलैया 2 में तो छतों पर चढ़कर चढ़कर फ़िल्म को प्रमोट किया था । इसलिए कई बार चेंज बहुत ज्यादा ज़रूरी होता है । वहीं कई फ़िल्मों के साथ सेम मार्केटिंग स्ट्रेटजी नहीं चलती । मुझे लगता है कि सत्यप्रेम की कथा बहुत प्योर फ़िल्म है । हम भी 11.11 को फ़ोलो करते हुए फ़िल्म के ट्रेलर से लेकर सभी गाने उसी दौरान रिलीज़ कर रहे हैं । इस फिल्म को अलग तरह से प्रमोट करने की जरूरत थी क्योंकि बहुत सारे प्रमोशन एक जैसे दिखने लगे हैं । सत्यप्रेम की कथा का प्रमोशन धीरे-धीरे किया जा रहा है क्योंकि ये सोची समझी रणनीति है ।”
समीर विद्वांस के निर्देशन में बनी सत्यप्रेम की कथा एनजीई और नमः पिक्चर्स के बीच बड़े पैमाने पर सहयोग का प्रतीक है । सत्यप्रेम की कथा 29 जून 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















