
भले ही आगामी फ़िल्म हसीना पारकर की रिलीज में देरी हो रही है, लेकिन श्रद्धा कपूर ने इसकी परेशानी को अपनी अगली फ़िल्म के आड़े नहीं दिया है । आपको बता दें कि श्रद्धा कपूर जल्द ही बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल की बायोपिक फ़िल्म में साइना के किरदार में नजर आएंगी और इस के लिए श्रद्धा ने तैयारी भी शुरू कर दी है ।
श्रद्धा कपूर फ़िल्म में अपने किरदार के साथ न्याय कर सके इसके लिए वह बैंडमिंटन खेलने की प्रेक्टिस कर रही है जिसमें उनका साथ दे रही है खुद साइना नेहवाल । यह सभी को पता है कि साइना अपनी इस बायोपिक के लिए मेकर्स की बहुत मदद कर रही है । इतना ही नहीं साइना श्रद्धा को बैडमिंटन की बारिकियां भी सिखा रही है ।

श्रद्धा कपूर, जो साइना नेहवाल से मिलकर बहुत ही उत्साहित हुई, ने इस मुलाकात और इसके फ़ोटो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया और लिखा, “Today training with the champ herself @nehwalsaina.” इससे पहले श्रद्धा ने सोशल मीडिया पर बैडमिंटन की एक तस्वीर को पोस्ट किया था और फ़िल्म के शुरू होने की खबर दी थी और तब से वह लगातार फ़िल्म के बारें में अपडेट करती रहती है ।
फ़िल्म के बारें में बात करें तो, अमोल गुप्ते ने साइना नेहवाल की बायोपिक फ़िल्म को निर्देशित करने की इच्छा जताई थी और फ़िर श्रद्धा कपूर के इस फ़िल्म से जुड़ने के बाद से इस फ़िल्म ने तेजी से आकार लेना शुरू कर दिया । इस फ़िल्म को टी-सीरिज बैनर के तहत भूषण कुमार द्दारा प्रोड्यूस किया जाएगा ।
















