एटली निर्देशित जवान बॉक्स ऑफिस पर हर रोज़ एक नया रिकॉर्ड बना रही है । महज 9 दिनों में जवान 400 करोड़ के क्लब में शामिल हो चुकी है और अब 500 करोड़ की ओर तेज़ी से बढ़ रही है । जवान को जहां शाहरुख खान के नाम से लोकप्रियता मिल रही है वहीं फ़िल्म के विलेन विजय सेतुपति का भी जवान की सक्सेस में बहुत बड़ा योगदान है । जवान में ‘काली गायकवाड़’ के किरदार में नज़र आए विजय सेतुपति ने अपने बेमिसाल अभिनय से सभी का दिल जीत लिया और न केवल साउथ में बल्कि हिंदी भाषी क्षेत्र में ज़बरदस्त फैन फ़ोलोइंग बढ़ा ली है । हाल ही में मुंबई में जवान की सक्सेस प्रेस कॉन्फ़्रेंस आयोजित हुई जिसमें विजय सेतुपति, शाहरुख खान, डायरेक्टर एटली, दीपका पादुकोण समेत फ़िल्म की पूरी टीम शामिल हुई । इस दौरान विजय सेतपति ने एक बार फिर अपनी सादगी से लोगों का दिल जीत लिया ।

विजय सेतुपति ने शानदार एक्टिंग के साथ-साथ अपनी सादगी से जीता दिल
जवान की सक्सेस प्रेस कॉन्फ़्रेंस में विजय सेतुपति की सादगी ने पूरी महफ़िल लूट ली । एक तरफ़ जहां जवान की टीम से हर कोई एकदम सजा-धजा, सूट-बूट में नज़र आया वहीं विजय सेतुपति सिम्पल नीली धारियों वाली शर्ट, खाकी पैंट और हरे रंग की चप्पल में इस इवेंट में शामिल हुए । विजय सेतुपति की सादगी देखते ही बन रही थी । विजय ने अपना एकदम सैम्पल लुक कैरी किया । विजय सेतुपति की इस सिंपलिसिटी लेवल की अब सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है ।

जवान हिंदी के साथ-साथ तमिल और तेलुगू में भी रिलीज हुई है । ऐसे में विजय सेतुपति ने जवान को हिंदी के साथ-साथ तमिल में भी शूट किया है । जिसे लेकर शाहरुख़ ने उनकी मेहनत को सलाम किया है । सक्सेस इवेंट में शाहरुख ने बताया कि, जवान के लिए विजय ने अपने हर दृश्य की शूटिंग दो बार की है । पहले तमिल में और फिर हिंदी में । शाहरुख ने कहा, “विजय सर पहले तमिल में शूटिंग करते और उसके कुछ ही देर बाद वह अपने हिंदी डॉयलॉग्स के साथ तैयार हो जाते । हिंदी उनके लिए बहुत आसान भाषा नहीं है लेकिन इसके बावजूद उनका समर्पण सेट पर काबिले तारीफ रहा है । वह कुछ ही घंटे लेते थे और वहीं के वहीं पूरा का पूरा सीन हिंदी में रिपीट कर देते थे ।”
जवान का फ़ेवरेट डायलॉग
विजय सेतुपति ने जवान का अपना फ़ेवरेट डायलॉग भी बताया, उन्होंने कहा, “लास्ट के सीन में एक डायलॉग है, ‘अरे खत्म करो इनको नहीं तो अभी ये फिर से गाना शुरू कर देंगे’, वह मैंने वहीं के वहीं सोच लिया था । मुझे लग रहा था कि अभी जो चल रहा है, उसमें ये हीरो लोग क्या कर सकते हैं । इनको जो करना है वो ये कर रहे हैं और विलेन के तौर पर मुझे कुछ ऐसा कहना या करना चाहिए जो उनकी लय को तोड़ दे तो बस ये डायलॉग मैंने बोल दिया । बाद में, एटली ने इसे फिल्म में भी बनाए रखा ।”
वहीं, विजय सेतुपति ने इस मौके पर कहा, “मैंने रिलीज के पहले दिन से इतने प्यार की उम्मीद नहीं की थी । चेन्नई में कई लोगों ने मुझे फोन किया और कहा कि उन्हें जवान के पहले दिन और पहले शो के टिकट नहीं मिल सके । लोग मुझे प्यार करते ही हैं । शाहरुख खान को भी बहुत प्यार करते हैं और यह मेरे लिए कोई आश्चर्य की बात नहीं है । क्योंकि, शाहरुख खान बस नाम ही काफी है ।”
शाहरुख और विजय का ब्रोमांस
विजय सेतुपति ने आगे कहा, “शाहरुख खान से हर कोई बहुत प्यार करता है । वह जिस तरह से व्यवहार करते हैं, जिस तरह से वह लोगों के साथ पेश आते हैं । वह सिर्फ प्यार देते हैं, और कुछ नहीं । उनसे भी हर कोई बहुत प्यार करता है, उन्हें ऑनस्क्रीन देखना लोगों को अच्छा लगता है । वह जहां भी जाते हैं, दर्शकों को अपने साथ खींच लेते हैं । फिल्मों को छोड़ दें तो वह असल में जिस तरह से बोलते हैं और लोगों को संभालते हैं, वह मुझे बहुत पसंद है । उनका दिमाग सेक्सी है, और यह इतना सेक्सी है कि बहुत आकर्षक लगता है ।”
इसके जवाब में शाहरुख ने भी विजय की तारीफ़ करते हुए कहा, “विजय सर ने उनकी फ़िल्म के लिए हाँ कहा, ये उनके लिए एक दुआ की तरह है । आईलवयू सर, मुझे लगता है कि कॉन्फ़्रेंस के बाद मैं आपको प्रपोज़ कर सकता हूँ । और हम शादी कर सकते हैं ।” इस पर विजय ने कहा, “इसमें कुछ ग़लत नहीं है सर ।” शाहरुख और विजय का ये ब्रोमांस लोगों को ख़ूब पसंद आ रहा है ।
इसके अलावा विजय सेतुपति ने शाहरुख से अपनी पहली मुलाकात का किस्सा शेयर करते हुए कहा, “शाहरुख खान से पहली बार मेरी मुलाकात चेन्नई में हुई थी जब वह एक अवार्ड शो के दौरान साल 2013 में आए थे । मैं उनसे पार्टी में मिला और किसी ने मेरा परिचय उनसे करवाया था। उस समय मेरी फिल्म 'पिज्जा' रिलीज हुई थी । दूसरी मुलाकात साल 2019 में मेलबर्न फिल्म फेस्टिवल में हुई थी। वहां वह देर से आए थे और हर कोई उनका इंतजार कर था ।”
जवान बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो इसने दुनियाभर में धूम मचा रखी है । बॉक्स ऑफिस पर शाहरुख खान, नयनतारा और विजय सेतुपति स्टारर जवान ने भारत में 400 करोड़ की कमाई पार कर ली है जबकि दुनियाभर में यह आंकड़ा 700 करोड़ तक पहुंच गया है ।
















