शाहरुख खान ने फ़ाइनली अपने बेटे आर्यन खान को फ़िल्म इंडस्ट्री में लॉन्च कर दिया है । लेकिन आर्यन खान एक्टर बनकर नहीं बल्कि फ़िल्म डायरेक्टर बनकर बॉलीवुड में अपनी शुरुआत कर रहे हैं । आर्यन खान ने नेटफ्लिक्स पर आ रही द बैड्स ऑफ बॉलीवुड सीरिज को ख़ुद लिखा और डायरेक्ट किया है । शाहरुख खान ने एक ग्रैंड इवेंट में आर्यन खान को द बैड्स ऑफ बॉलीवुड के प्रीव्यू के साथ लोगों से रू-ब-रू कराया और शो के ट्रेलर को लॉन्च किया । इस दौरान शाहरुख बहुत इमोशनल नजर आए और साथ ही आर्यन पर प्राउड भी फील किया ।

बॉलीवुड डेब्यू से पहले शाहरुख खान ने बेटे आर्यन खान को दिया अपना सक्सेस मंत्र ; “बॉक्स ऑफिस सक्सेस की कोई गारंटी नहीं होती लेकिन मेहनत में फुल टाइम 100% गारंटी होती है”

शाहरुख खान ने दी आर्यन खान को सीख

शाहरुख खान ने अपने बेटे आर्यन की जर्नी पर दिल छू लेने वाली बात कही और दर्शकों से उन्हें प्यार और प्रोत्साहन देने की अपील भी की । शाहरुख ने आर्यन की मेहनत की तारीफ करते हुए कहा, “बहुत मेहनती है । आर्यन वैसे बहुत मेहनती है लेकिन हमने उसे घर में सिर्फ एक दो बातें ही सिखाई हैं कि बॉक्स ऑफिस का सक्सेस गारंटीड नहीं होता, क्रिटिक्स के पॉजिटिव रिव्यूज गारंटीड नहीं होते लेकिन मेहनत में फुल टाइम 100% गारंटी होती है । और इसलिए जब वो आपके सामने आएगा और आपको यदि उसका काम अच्छा लगे तो उसके लिए प्लीज तालियाँ बजाइएगा आप । और उन तालियों के अंदर थोड़ी सी दुआ भी रखना, थोड़ी सी प्रार्थना भी रखना । और हाँ जैसा की मैंने आपसे कहा था, कि जो प्यार आपा लोगों ने मुझे दिया है इतने सालों से, उसका 10-20-30-40-80-90-100-150% प्यार उसको भी देना।”

इसके अलावा इवेंट में आर्यन ने एक बढ़िया स्पीच भी दी । रेड कर्टेन्स के हटने के बाद आर्यन ने सबसे पहले स्टेज पर एंट्री मारी । पापा शाहरुख के गले लगे और हाथ जोड़कर वहां मौजूद सभी का शुक्रिया अदा किया । आर्यन ने हाथ जोड़कर स्पीच में कहा, “थैंक्यू, आज मैं बहुत नर्वस हूं क्योंकि आज मैं पहली बार आप सभी के सामने स्टेज पर आया । और इसीलिए 2 दिन और तीन रातों से मैं ये स्पीच बार-बार प्रैक्टिस किए जा रहा हूं. बल्कि मैंने ये स्पीच टेलीप्रॉम्पटर पर भी लिखवाई है. और यहां बिजली चली जाए तो मैं अपनी स्पीच कागज के टुकड़े पर भी लिखकर लेकर आया हूं । वो भी टॉर्च के साथ ।और अगर तब भी मेरे से गलती हो जाए तो पापा हैं न ।”

नेटफ्लिक्स की आने वाली सीरीज़ द बैड्स ऑफ बॉलीवुड एक बोल्ड और हार्ड-हिटिंग ड्रामा माना जा रहा है। इसके प्रीव्यू ने ही फैन्स के बीच गहरी उत्सुकता जगा दी है। यह नेटफ्लिक्स पर 18 सितंबर से स्ट्रीम होगी। सीरीज में लक्ष्य, बॉबी देओल, मनोज पहवा, गौतमी कपूर और राघव जुयाल अहम किरदारों में नजर आने वाले हैं। इसके अलावा सलमान खान, करण जौहर और रणवीर सिंह शो में कैमियो करते दिखेंगे।