अजय देवगन, अमिताभ बच्चन और रकुल प्रीत सिंह की सच्ची घटनाओं पर आधारित एक थ्रिलर ड्रामा रनवे 34 इस साल की बहुप्रतिक्षित फ़िल्मों में से एक है । आज अजय देवगन ने रनवे 34 का 48 सेकंड का टीजर रिलीज किया है जिसने फ़िल्म को लेकर प्रत्याशा बढ़ा दी है । इसी के साथ सलमान खान ने भी एक अलग अंदाज में अजय स्टारर रनवे 34 के टीजर को शेयर किया है । यह फ़िल्म अप्रैल में ईद के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।

रनवे 34 का टीजर रिलीज कर सलमान खान ने बताई ईद पर न आने की अपनी वजह ; कहा इस बार 29 अप्रैल 2022 को ईद पर अजय देवगन देंगे ईदी

सलमान खान ने शेयर की अजय देवगन की रनवे 34

ईद पर अक्सर सलमान की फ़िल्में रिलीज होती आई हैं ऐसे में सलमान ने रनवे 24 को ईद पर आने का अनाउंसमेंट करते हुए ट्वीट कर लिखा, “मेरी अभी तक कोई फ़िल्म रेडी नहीं है, तो मैंने अपने भाई अजय देवगन से रिक्वेस्ट की है कि क्या वह ईद पर ईदी देने के लिए आ सकते हैं क्या । चलो इस ईद हम सब सेलिब्रेट करेंगे और देखेंगे #रनवे34 ।”

48 सेकंड के इस टीजर की शुरुआत में एक प्लेन उड़ता दिख रहा है, जिसमें तेज बारिश और खराब मौसम के कारण कुछ परेशानी दिखने लगती है । इसके बाद प्लेन उड़ाते रकुल प्रीत सिंह और अजय नजर आते हैं, जिनके चेहरों को देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह किसी बहुत बड़ी परेशानी में फंस गए हैं । इसी दौरान अजय को अमिताभ बच्चन की बताई कुछ बातें याद आने लगती हैं । सिर्फ 48 सेकंड्स के इस टीजर ने लोगों की प्रत्याशा को बढ़ा दिया है ।

रनवे 34 में अजय एक पायलट के किरदार में नजर आएंगे । इस फ़िल्म में अजन न केवल एक्टिंग करेंगे बल्कि इसे डायरेक्ट भी करेंगे । बताया जा रहा है कि रनवे 34 की कहानी एयरक्राफ़्ट से संबंधित है । बॉलीवुड हंगामा ने इस फ़िल्म की कहानी को लेकर सबसे पहले बताया कि इस फ़िल्म की कहानी एक हैरान कर देने वाली एक कम ज्ञात सच्ची घटना पर आधारित है जो जेट एयरवेज की दोहा-कोच्चि उड़ान के 2015 में हुई घटना से प्रेरित है ।

दोहा-कोच्चि उड़ान के 2015 में हुई घटना कुछ इस प्रकार है- मंगलवार 18, अगस्त 2015 को तड़के फ्लाइट 9W 555 में 141 यात्री और क्रू के 8 सदस्य सवार थे । दोहा से उड़ान भरने वाली फ्लाइट कोच्चि में उतरने की कोशिश कर रही थी, लेकिन पायलट के लिए खराब दृश्यता यानी लो विजिविलिटी के कारण फ्लाइट लैंड होने में असमर्थ हो गई । विमान को फिर त्रिवेंद्रम ले जाया गया और यहां भी कोच्चि जैसी ही धुंध थी, जिससे पायलटों को एक मेयडे कॉल के लिए प्रेरित होना पड़ा ।

तीन असफल प्रयासों के बाद, विमान केवल 250 किलो ईंधन के साथ त्रिवेंद्रम हवाई अड्डे पर उतरा, हालांकि ऐसा भी कहा जाता है कि इसमें लगभग 350 किलो ईंधन बचा था। हालांकि नियम के अनुसार बोइंग 737 विमान में न्यूनतम ईंधन की मात्रा 1500 किलोग्राम होनी चाहिए, जाहिर तौर पर यह विमान पर सवार सभी लोगों के लिए जीवन पर संकट का क्षण था और इसी का रोमांच फिल्म में देखने को मिलने वाला है ।

अजय के निर्देशन में बनी रनवे 34 में अजय और अमिताभ के अलावा रकुल प्रीत सिंह, अंगिरा धर और यूट्यूबर कैरी मिनाटी भी नजर आएंगे । अजय के अपने बैनर अजय देवगन एफफिल्म्स के तहत निर्मित, रनवे 34 को कुमार मंगत, विक्रांत शर्मा, हसनैन हुसैनी, जय कनुजिया, संदीप केवलानी और तरलोक सिंह द्वारा सह-निर्मित किया जा रहा है । यह फ़िल्म 29 अप्रैल 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।