बॉलिवुड की ‘मस्‍त मस्‍त गर्ल’ कही जाने वाली रवीना टंडन आज 26 अक्‍टूबर को अपना 46वां जन्मदिन मना रही हैं । जहां रवीना टंडन ने फ़िल्मों में अपने अभिनय से खूब सुर्खियां बटोरी हैं वहीं अपनी पर्सनल लाइफ़ को लेकर भी रवीना टंडन छाई रहती हैं । रवीना ने महज 21 साल की उम्र में मां बनने का फैसला कर लिया था और इस दौरान उनकी शादी नहीं हुई थी । 21 साल की उम्र में रवीना ने पूजा और छाया नाम की दो बच्‍च‍ियों को गोद लिया था । रवीना ने सिंगल मदर बनकर दोनों बेटियों की परवरिश की । 2004 में रवीना ने बिजनसमैन और ड‍िस्‍ट्र‍िब्‍यूटर अनिल थडानी से शादी । रवीना और अनिल के एक बेटी राशा एक बेटा रणबीरवर्धन है । इस तरह रवीना तीन बेटियों और एक बेटे की मां हैं । हम आपके लिए लेकर आए हैं 46 साल की उम्र में नानी बन चुकी रवीना टंडन के बारें में कुछ अनसुने फ़ैक्ट्स ।

रवीना टंडन के बारें में 5 अनसुने फ़ैक्ट्स, ‘स्टार किड होने के बावजूद फ़ैमिली की सिफ़ारिश पर नहीं मिली कोई फ़िल्म, अपना रास्ता खुद बनाया’

रवीना टंडन के बारें में अनसुने फ़ैक्ट्स

1. रवीना ने अभिनेत्री बनने का मन 15 साल की उम्र में ही बना लिया था । लेकिन अन्य स्टार किड्स की तरह रवीना का बॉलीवुड लॉन्च अपने पिता रवि टंडन, जो अपने जमाने के मशहूर फ़िल्ममेकर थे और जिन्होंने 70 के दशक में कई हिट फ़िल्में भी दी, की फ़िल्म से नहीं हुआ । बेटी को फ़िल्म में काम देने का मौका जब रवि टंडन के पास आया तो उन्होंने बहुत ही विन्रमतापूर्वक इससे अपने कदम पीछे हटा लिए । रवीना ने इस बात को याद करते हुए बताया कि, “मैं और पापा, हम दोनों इसे लेकर बहुत ही क्लीयर थे । मैं अपना रास्ता खुद बनाउंगी । मेरी पहली फ़िल्म पत्थर के फ़ूल मुझे मेरे दम पर मिली, न कि फ़ैमिली की सिफ़ारिश के कारण । असल में मेरे पिता ने लगभग आधी फ़िल्म इंडस्ट्री के साथ काम किया लेकिन मेरे साथ नहीं ।”

2. रवीना के भाई राजीव को उनके पिता रवि टंडन ने 1982 में फ़िल्म एक मैं और एक तू फ़िल्म से लॉन्च किया था । लेकिन यह फ़िल्म आर डी बर्मन द्वारा संगीतबद्ध होने के बावजूद भी काम नहीं कर पाई । राजीव को रुबीना कौर के अपोजिट कास्ट किया । इसके अलावा टंडन फ़ैमिली में से किसी और की एक्टिंग के बारें में नहीं सुना ।

रवीना एक साथ 4-5 फ़िल्मों की शूटिंग करती थी

3. 1990 के दशक में जब रवीना के पास फ़िल्मों की लंबी लाइन लगी हुई थी, उस दौरान रवीना एक साथ 4-5 फ़िल्मों की शूटिंग करती थी । इस पल को याद कर रवीना ने बताया कि, “मैं इतनी व्यस्त थी कि मैं दिन भर स्टूडियो के अंदर और बाहर रहती थी । किसी और चीज के लिए कोई वक्त ही नहीं था । उन चीजों के लिए भी मेरे पास कोई वक्त नहीं था जो मेरी उम्र की लड़कियां सामान्य रूप से करती थी । मैं बस शूटिंग के लिए स्टूडियो में ही अंदर-बाहर हुआ करती थी ।” इतने व्यस्त शेड्यूल के बाद फ़ाइनली रवीना ने अपने काम में कटौती करने का फ़ैसला लिया । जो उनकी पीढ़ी की अभिनेत्रियों के लिए यकीनन एक राहत की बात रही होगी ।

पसंदीदा डांसिंग पार्टनर गोविंदा

4. रवीना के दो गानें सबसे ज्यादा लोकप्रिय रहे और वो हैं फ़िल्म मोहरा के गाने- ‘तू चीज बड़ी है मस्त मस्त’ और ‘टिप टिप बरसा पानी’। ये दोनों ही गानें संयोग से अक्षय कुमार की फ़िल्म से है । इस पर रवीना कहती हैं कि, “मुझे सिंगिंग और डांसिग बहुत पसंद है । मेरे पसंदीदा सिंगिंग और डांसिंग पार्टनर गोविंदा थे । हमने एक साथ कई हिट डांस नंबर दिए जैसे- ‘किसी डिस्को में जाएं’और ‘अंखियों से गोली मारे’।” मार्केटिंग मशीनरी द्वारा फैलाया गया एक मिथक यह था कि गोविंदा को करिश्मा अपनी सबसे अच्छी डांसिंग पार्टरन लगती थी । लेकिन यह सच नहीं है । गोविंदा ने खुद मुझे बताया कि उन्होंने रवीना के साथ सबसे ज्यादा डांस एंजॉय किया ।

5. बॉलीवुड में रवीना के सबसे अच्छे दोस्तों में शुमार हैं संजय दत्त । उन्होंने 1990 में कई साथ में फ़िल्में की, उनमें से कोई भी यादगार नहीं है । फिर कई वर्षों के बाद जब राम गोपाल वर्मा ने संजय दत्त और रवीना की जोड़ी को फिर से डिपार्टमेंट फ़िल्म में लेना चाहा तो संजय दत्त ने कहा कि वह कोई यंगर अभिनेत्री चाहते हैं ।

रवीना के वर्क फ़्रंट की बात करें तो, वह जल्द ही केजीएफ चैप्टर 2 में नजर आएंगी । वह इस फिल्म में रमिका सेन के किरदार में नजर आएंगी ।