
लगभग एक महीने पहले राम गोपाल वर्मा ने अपनी सरकार सीरिज की तीसरी किश्त सरकार 3 की घोषणा सोशल मीडिया पर की थी । एक बार फ़िर राम गोपाल ने अपनी आगामी फ़िल्म की घोषणा सोशल मीडिया पर ही की , जिसका नाम है 'न्यूक्लियर', जो की एक टेररिस्ट ड्रामा फ़िल्म है । राम गोपाल वर्मा ने ट्विटर का सहारा लेते हुए अपनी इस फ़िल्म को घोषणा की और फ़िल्म के बारें में विस्तार से जानकारी दी ।
सीएमए ग्लोबल द्दारा प्रोड्यूस फ़िल्म न्यूक्लियर की स्टारकास्ट की घोषणा अभी नहीं की गई है । वहीं दूसरी तरफ़, रामू ने विस्तार से अपनी फ़िल्म के बारें में जानकारी दी । राम गोपाल वर्मा ने कहा कि यह फिल्म आतंकवाद के विषय पर आधारित है और यह उन परिणामों के बारे में बताती है जो दुनिया को परमाणु बम के गलत हाथों में पड़ने पर झेलने होंगे ।
रामगोपाल वर्मा ने फिल्म के पोस्टर के साथ ट्वीट किया, ‘‘340 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली मेरी पहली अंतरराष्ट्रीय फिल्म होगी ‘न्यूक्लियर'। मैं काल्पनिक और वास्तविक जीवन पर आधारित दोनों तरह की विषयवस्तु का उत्सुक पाठक रहा हूं, लेकिन मेरे जीवन में मैंने कभी ‘न्यूक्लियर' जैसा विषय नहीं पढ़ा ।''

वर्मा ने फिल्म की वेबसाइट पर साझे किए गए एक नोट में कहा, ‘‘हां, यह भारत में अब तक बनी सबसे महंगी फिल्मों से बहुत महंगी होगी और इसका कारण यह है कि इसकी विषयवस्तु वास्तव में यह मांग करती है कि इसे इतने बड़े स्तर पर फिल्माया जाए जो कभी नहीं देखा गया हो ।''
वर्मा ने कहा, ‘‘हिरोशिमा और नागासाकी शहरों में हुए परमाणु बम धमाकों की गूंज विस्फोट के 70 साल बाद भी दुनिया के कानों में गूंज रही है ।'' उन्होंने कहा, ‘‘इस समय सबसे अधिक डराने वाली बात यह है कि यदि यह विस्फोट हमारे समय में होता है, यह जाहिर है कि मुंबई जैसे बड़े
शहर में एक वास्तविक परमाणु विस्फोट आसानी से तृतीय विश्व युद्ध छेड़ सकता है और अंतत: दुनिया का खात्मा हो सकता है ।'' इस फिल्म की शूटिंग अमेरिका, चीन, रुस और भारत में की जाएगी और भारत, अमेरिका, चीन, रुस, ब्रिटेन और यमन के अभिनेता इसमें अभिनय करेंगे ।
राम गोपाल ने कहा कि, 340 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस फ़िल्म की शूटिंग उनकी सरकार 3 की शुटिंग खत्म होने के बाद शुरू होगी ।
















