राजकपूर के सबसे छोटे बेटे और रणधीर कपूर और ॠषि कपूर के छोटे भाई राजीव कपूर का आज 9 फ़रवरी को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया । राजीव कपूर 58 साल के थे । दिल का दौरा आने के बाद राजीव के भाई रणधीर कपूर उन्हें चेंबूर स्थित इनलेक अस्पताल ले गए थे लेकिन अस्पताल में पहुंचते ही डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया । आज शाम राजीव की अंतिम यात्रा निकाली गई जिसके बाद उनका पार्थिव शरीर पंचतत्त्व में विलीन हो गया ।

राजीव कपूर का पार्थिव शरीर पंचतत्त्व में विलीन
देर शाम राजीव की अंतिम यात्रा निकाली गई । रणबीर कपूर अपने चाचा की अर्थी को कंधा दिया । राजीव के अंतिम दर्शन करने बॉलीवुड के कई लोग पहुंचे । शाहरुख खान भी अपनी गौरी खान के साथ राजीव कपूर के अंतिम दर्शन करने पहुंचे ।

वहीं आलिया भट्ट भी अपनी मालदीव वेकेशन को अधूरी छोड़कर तुरंत मुंबई लौट आईं और राजीव की अंतिम यात्रा में शामिल हुईं ।

अपने छोटे भाई राजीव के निधन से रणधीर कपूर बेहद दुखी नजर आए । अंतिम संस्कार की सभी रस्मों को उन्होंने ही पूरा किया । राजीव की अंतिम यात्रा के दौरान रणधीर, जो खुद भी बीमार हैं, नर्स के सहारे चलते दिखे । रणधीर कपूर शुरूआत से ही अपने भाई राजीव के साथ रहे और जब डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया तो वो बुरी तरह से टूट गए ।

रणधीर कपूर ने भाई की मृत्यु की पुष्टि करते हुए कहा कि उनके छोटे भाई का निधन हो गया है । डॉक्टर्स ने उन्हें बचाने की बहुत कोशिश की लेकिन वे उन्हें बचा नहीं पाए ।

















