
इन दिनों, बॉलीवुड अभिनेत्रियां हिंदी फ़िल्मों के अलावा हॉलीवुड में भी अपना भाग्य आजमाने में लगी हुईं हैं और उनमें से दो दिग्गज अभिनेत्रियां हैं दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा । दीपिका और प्रियंका ने काफ़ी अच्छी तरह से हॉलीवुड इंडस्ट्री में अपना नाम कमाया और अपने अभिनय का लोहा मनवाया । लेकिन दोनों अभिनेत्रियों में से प्रियंका अपने अमेरिकी टीवी सीरिज क्वांटिको से हर घर में लोकप्रिय हो गई है और जल्द ही प्रियंका की पहली हॉलीवुड फ़िल्म बेवॉच भी रिलीज होने वाली है वहीं दूसरी तरफ़, दीपिका पादुकोण की पहली हॉलीवुड फ़िल्म 'xXx: रिटर्न ऑफ जेंडर केज़' रिलीज हो चुकी है ।
हालांकि दोनों ही अभिनेत्रियों ने अपनी-अपनी खूबसूरती और हुनर के बल पर हॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई है लेकिन लगता है विदेशी मीडिया की जुबान पर प्रियंका चोपड़ा का नाम ज्यादा छाया रहता है तभी तो जब दीपिका अपनी फ़िल्म 'xXx' के प्रमोशन के लिए लॉस ऐंजिलिस एयरपोर्ट पहुंचीं तो वहां विदेशी मीडिया ने दीपिका को हलो प्रियंका' कहकर संबोधित किया हालांकि ये सुनकर दीपिका एक पल के लिए मुड़ी और फ़िर शांति से अपनी कार की तरफ बढ़ गईं और फ़ोटोग्राफर्स को बिना पोज़ दिए ही एयरपोर्ट से निकल गईं ।
गौरतलब है कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब दीपिका को गलती से 'क्वॉन्टिको स्टार' प्रियंका चोपड़ा समझ लिया गया । हालांकि दीपिका भी प्रियंका की तरह कई सारे शो कर चुकी हैं, और रेड कार्पेट पर भी नज़र आ चुकी हैं ।
















