लोकप्रिय टीवी सीरियल, महाभारत में ‘भीष्म पितामह’ और शक्तिमान में ‘शक्तिमान’ का किरदार अदा करने वाले अभिनेता मुकेश खन्ना अपने बयानों को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं । कुछ दिन पहले सोनाक्षी सिन्हा की परवरिश को लेकर कमेंट करने के बाद अब मुकेश खन्ना ने रामायण फ़िल्म में रणबीर कपूर की कास्टिंग पर सवाल उठाए हैं ।

मुकेश खन्ना ने रामायण फ़िल्म में भगवान राम के किरदार के लिए रणबीर कपूर की कास्टिंग पर उठाए सवाल ; “जो भी राम का किरदार निभाए उसे राम का अवतार होना चाहिए ; वो रावण की तरह न दिखें”

मुकेश खन्ना ने रणबीर कपूर की कास्टिंग पर कसा तंज

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही मेगाबजट फ़िल्म रामायण में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आने वाले हैं । इस बारें में जब मिड-डे को दिए एक इंटरव्यू में मुकेश खन्ना से रणबीर कपूर को नितेश तिवारी की मच अवेटेड फिल्म रामायण में भगवान राम के किरदार के लिए कास्टिंग को लेकर सवाल किया गया तो शुरुआती झिझक के बावजूद, मुकेश खन्ना ने कहा, “मैं इस बारे में कुछ नहीं कहूंगा, अगर मैं कहूंगा, तो वे मुझ पर हर चीज के बारे में टिप्पणी करने का आरोप लगाएंगे । उन्होंने मेरी रेप्युटेशन को बर्बाद कर दिया है । मैंने हाल ही में जैकी श्रॉफ के बेटे के बारे में टिप्पणी की थी...मैं रूड नहीं हूं, लेकिन मैं अपनी बात कहता हूं अगर वे रामायण बना रहे हैं तो अरुण गोविल से जरूर तुलना की जाएगी ।”

बता दें कि रामानंद सागर की रामायण में अरुण गोविल ने भगवान राम का किरदार निभाया जिसे आज भी लोग पसंद करते हैं ।

मुकेश खन्ना ने आगे कहा, “अरुण गोविल ने इस भूमिका के साथ जो किया वह गोल्ड स्टैंडर्ड बन गया है । मैं केवल इतना कह सकता हूं कि जो भी राम का किरदार निभाएगा, उसे राम का अवतार होना चाहिए ; उसे ऐसा करना चाहिए । वे रावण की तरह न दिखें । अगर वे रियल लाइफ में (लम्पट छिछोरे) बदतमीज गुंडे हैं, तो यह स्क्रीन पर दिखाई देगा । अगर आप भगवान राम का रोल प्ले कर रहे हैं तो आपको पार्टी करने और शराब पीने की अनुमति नहीं है, लेकिन मैं यह तय करने वाला कौन होता हूं कि राम का किरदार कौन निभाएगा ?”

मुकेश खन्ना ने यह भी बताया कि सुपरस्टार होने के बावजूद प्रभास ने भगवान राम की भूमिका निभाने की कोशिश की लेकिन असफल रहे । मुकेश ने कहा, “इतने बड़े स्टार होने के बावजूद उन्हें जनता ने स्वीकार नहीं किया । इसलिए नहीं कि वह एक बुरे अभिनेता हैं, बल्कि इसलिए कि वह राम की तरह नहीं दिखते । राम का किरदार निभाने वाला अभिनेता अब कपूर परिवार से है । वह एक अच्छे अभिनेता हैं । लेकिन मैं उनके चेहरे को देखूंगा, और उसे राम जैसा दिखना चाहिए, उसने अभी-अभी एनिमल बनाई है, और उस फिल्म में उनकी निगेटिव पर्सनैलिटी को उजागर किया गया था । मैं उम्मीद करता हूं कि इस वजह से ये फिल्म प्रभावित ना हो ।”

नितेश तिवारी की रामायण की बात करें तो इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साईं पल्लवी देवी सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में हैं । फिल्म की पहली किस्त दिवाली 2026 पर रिलीज़ होगी जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 पर रिलीज़ होगी ।