अंधाधुन के बाद डायरेक्टर श्रीराम राघवन लेकर आ रहे हैं एक और सस्पेंस थ्रिलर मैरी क्रिसमस जिसमें कैटरीना कैफ़ और विजय सेतुपति लीड रोल में नजर आने वाले हैं । मैरी क्रिसमस श्रीराम राघवन की पिछली फ़िल्मों से इसलिए अलग बताई जा रही है क्योंकि इसे हिंदी के साथ-साथ तमिल में भी शूट किया गया है । हाल ही में मैरी क्रिसमस की प्रेस कॉन्फ़्रेंस आयोजित की गई जिसमें डायरेक्टर श्रीराम राघवन के साथ फ़िल्म के लीड एक्टर्स कैटरीना कैफ़, विजय सेतुपति और संजय कपूर शामिल हुए । प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान श्रीराम ने बताया कि उन्हें दो अलग-अलग भाषाओं में फ़िल्म को शूट करने में किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा ।

कैटरीना कैफ़ और विजय सेतुपति की मैरी क्रिसमस का हिंदी वर्जन और तमिल वर्जन नहीं है कॉपी-पेस्ट ; डायरेक्टर श्रीराम राघवन ने क्लीयर करते हुए कहा- “लोगों का कंफ़्यूजन फ़िल्म की रिलीज के बाद दूर होगा”

हिंदी और तमिल में शूट हुई मैरी क्रिसमस

श्रीराम राघवन से पूछा गया कि क्या उन्होंने मैरी क्रिसमस में कंटेंट के साथ-साथ कमर्शियल पहलू को भी ध्यान में रखकर संतुलन बनाने की कोशिश की है । इस पर उन्होंने कहा, “मैं ऐसा नहीं सोचता । हमें लगता है कि अगर मुझे और मेरी टीम को (कहानी) पसंद आई तो बड़े पैमाने पर लोग भी इससे प्रभावित होंगे । बजट कितना होना चाहिए यह फिल्म और निर्माता पर निर्भर करता है । मेरा तो यही मानना है कि अगर यह मुझसे जुड़ी है तो कहानी दर्शकों को भी पसंद आनी चाहिए ।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं एक तमिलियन हूं और तमिल में फिल्म बनाना हमेशा से एक सपना था । मैं एक मराठी फिल्म भी बनाना चाहता हूं, क्योंकि मैं इतने लंबे समय तक मुंबई में रहा हूं । इस फिल्म ने मुझे वह मौका दिया । क्योंकि विजय साउथ के अभिनेता हैं, इसलिए मुझे लगा कि (तमिल संस्करण बनाना) प्रयास करना दिलचस्प होगा । लेकिन मैं द्विभाषी एक्शन नहीं बनाऊंगा क्योंकि बहुत टॉर्चर हो जाता है हम लोगों के लिए (हंसते हुए)!”

दो अलग-अलग भाषाओं में फ़िल्म शूट करने की प्रोसेस को एक्सप्लेन करते हुए श्रीराम ने कहा, “हम एक सीन हिंदी में शूट करते फ़िर 10 दिन बाद, हम इसे तमिल में फिर से शूट करते । उस समय हम सोचने लगते हैं, अब कुछ अलग करते हैं? लेकिन हम फ़िर वही करते ? कैमरा एंगल और लाइटिंग चेंज कर देते बस ?' ये चीज़ें इतनी मज़ेदार नहीं हैं. फिर भी, मैंने शूटिंग प्रोसेस को एंजॉय किया क्योंकि मैं एक तमिल फिल्म बनाना चाहता था।”

एमसी ने श्रीराम राघवन से पूछा कि क्या उन्होंने 'कॉपी-पेस्ट' पद्धति अपनाई है और उन्होंने कहा, “यह कॉपी-पेस्ट कैसे हो सकता है? तमिल भाषा वास्तव में एक अलग भाषा है। कैरेक्टर स्टार्स भी अलग हैं । हिंदी संस्करण में विनय पाठक ने जो भूमिका निभाई है जो तमिल फिल्म में राधिका सरथकुमार ने निभाई है । हां, कहानी वही है लेकिन ज्यादा कुछ बोलूंगा नहीं। लोगों को लगता है कि हिंदी और तमिल संस्करण में अलग-अलग अंत है। लोगों को सोचने दो और दोनों फिल्म्स देखो !”

यह पूछे जाने पर कि उन्होंने मेरी क्रिसमस की शूटिंग अपने पसंदीदा शहर पुणे में क्यों नहीं की, श्रीराम राघवन ने बताया, “मुझे एक ऐसे शहर की ज़रूरत थी जहाँ क्रिसमस मनाया जाए। मैं पुणे में पला-बढ़ा हूं। हमने वहां रेकी की लेकिन चूंकि यह कोविड का समय था, इसलिए लोग शूटिंग के लिए अपने घर देने से हिचक रहे थे। इसलिए, हमने नियंत्रित स्थिति में मुंबई में शूटिंग करने का फैसला किया। मुंबई भी एक बेहतरीन शहर है. हालाँकि, हमने 1980 के दशक के बॉम्बे का चित्रण किया है। और आज कल दोनों तरफ इतनी गाड़ियाँ खड़ी हैं कि मजा ही नहीं आता है। कारों को फ्रेम से हटाने में हमें काफी समय लगा । हमारीइ वाट लग गई थी (हँसते हुए)! फिर भी, हमने एक अधिक मासूम और अधिक सुंदर बॉम्बे बनाने की कोशिश की है ।”

मैरी क्रिसमस के हिंदी वर्जन में कैटरीना और विजय सेतुपति के अलावा संजय कपूर, विनय पाठक, प्रतिमा काज़मी, टीनू आनंद, अश्विनी कालसेकर और राधिका आप्टे भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं । यह फ़िल्म 12 जनवरी, 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी । तमिल वर्जन में कैटरीना और विजय ने राधिका सरथकुमार, गायत्री, शनमुगराजन, कविन जय बाबू और राजेश विलियम्स के साथ स्क्रीन साझा की है ।