सिंगर से एक्ट्रेस बनीं लीसा मिश्रा जल्द ही अपनी एक्टिंग डेब्यू सीरीज 'द रॉयल्स' के साथ दर्शकों के सामने आने वाली हैं। इस भव्य और सितारों से सजी सीरीज में काम करने का अनुभव लीसा के लिए खास रहा, लेकिन उनके लिए सबसे खास बात थी, दिग्गज एक्ट्रेस ज़ीनत अमान के साथ काम करने का मौका। ज़ीनत अमान को लीसा के घर में हमेशा बहुत सम्मान से देखा गया है, खासकर उनके पापा की तरफ से।

द रॉयल्स सीरिज में लीसा मिश्रा का जीनत अमान के साथ काम करने का भावुक पल ; “मेरे पापा हमेशा ज़ीनत अमान के बहुत बड़े फैन रहे हैं”

द रॉयल्स सीरिज में जीनत अमान के साथ लीसा मिश्रा

लीसा ने बताया कि उन्होंने अपने पापा के साथ ज़ीनत अमान की कई फिल्में देखी हैं, और जब उन्हें उनके साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिला, तो यह एक भावुक और यादगार पल बन गया। ये पल उनके प्रोफेशनल और पर्सनल जीवन को जोड़ने वाला था।

लीसा ने कहा, “मेरे पापा हमेशा ज़ीनत अमान के बहुत बड़े फैन रहे हैं। मैं उनके साथ बैठकर ज़ीनत जी की फिल्में देखती थी। जब मैंने उन्हें बताया कि मैं उनके साथ काम करने जा रही हूं, तो उनके चेहरे पर जो गर्व, हैरानी और भावुकता थी, वो मैं कभी नहीं भूलूंगी। मेरे लिए ये एक ऐसा पल था जो जैसे ज़िंदगी का पूरा चक्र पूरा कर गया।”

द रॉयल्स एक ऐसी सीरीज है जो ताकत, रुतबा और विरासत की कहानी को दिखाती है। इसमें ईशान खट्टर, भूमि पेडनेकर और सदाबहार ज़ीनत अमान जैसे सितारे नज़र आएंगे। लीसा के लिए, जो म्यूज़िक और एक्टिंग दोनों में अपनी पहचान बना रही हैं, यह अनुभव सिर्फ एक करियर की उपलब्धि नहीं, बल्कि एक दिल से जुड़ा खास पल भी है।