बॉलीवुड के दिग्गज निर्माता-निर्देशक करण जौहर ने अपने कम वजन से सभी को हैरान कर दिया है । करण जौहर के ट्रांसफॉर्मेशन देखकर कई लोग हैरान रह गए और सोशल मीडिया पर उनके वेट लॉस को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं । लेकिन अब खुद करण जौहर ने अपने वजन घटाने का सीक्रेट शेयर कर दिया है ।

करण जौहर ने इस मेथड से घटाया अपना वजन ; बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन के लिए नहीं ली कोई दवा

करण जौहर ने शेयर किया सीक्रेट

हाल ही में करण जौहर ने राज शमानी के पॉडकास्ट में अपने ट्रांसफॉर्मेशन और ओजेम्पिक लेने के दावे पर बात की। करण ने सबसे पहले तो उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है जिसमें कहा जा रहा था कि, उन्होंने Ozempic जैसी दवाओं की मदद से अपना वजन कम किया है । करण ने बताया कि उनके लिए वजन कम करना आसान नहीं था इसके लिए उन्होंने कई सालों तक मेहनत की है । करण जौहर ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में अपनी फिटनेस जर्नी के बारे में बताया कि उनका ट्रांसफॉर्मेशन पूरी तरह से डाइट और लाइफस्टाइल चेंज की वजह से हुआ है ।

करण ने कहा, “मैं हमेशा से ही अपने बढ़े हुए वजन से परेशान रहा हूं। मैंने 1000 तरह की डाइट ली, 500 से ज्यादा वर्कआउट किए। जो भी वर्कआउट था, रूटीन था, सब कुछ किया है। वजन कम हुआ ही नहीं। मैंने टेस्ट करवाया तो मुझे पता चला कि मुझे थायरॉइड की दिक्कत है, जिसे मुझे ठीक करना पड़ेगा, मैं कर भी रहा हूं।”

करण ने अपने लिए कारगर दिनचर्या खोजने से पहले वेदम आयुर्वेद और स्वास्थ्य स्पा सहित कई तरह के चिकित्सा उपचारों को आजमाने के बारे में भी चर्चा की। एक बार जब उनका थायरॉयड स्तर स्थिर हो गया, तो करण ने OMAD (एक दिन में एक बार भोजन) मेथड का पालन करना शुरू कर दिया। शुरुआती सात दिन कठिन थे, लेकिन उन्होंने सात महीने तक इस रूटीन को फॉलो किया और इस दौरान हर दिन शाम 7 से 8 बजे के बीच एक बार भोजन किया ।

इस दौरान उनके आहार में ग्लूटेन, लैक्टोज या चीनी नहीं थी। उन्होंने बताया कि उन्हें लैक्टोज से थोड़ी परेशानी है, लेकिन उन्हें बादाम का दूध ज्यादा पसंद है। हालांकि उन्होंने हाल ही में स्वस्थ वजन हासिल करने के लिए कुछ कार्ब्स और डेयरी (जैसे चावल और लैक्टोज) शामिल किए हैं, लेकिन वे ग्लूटेन से पूरी तरह परहेज करते हैं। करण ने यह भी बताया कि उनकी मौजूदा फिटनेस रूटीन में वेट ट्रेनिंग और पैडल खेलना शामिल है।

करण बताया कि उन्होंने सिर्फ एक बार खाना खाया और सात महीने तक इस रूटीन को फॉलो किया । उन्होंने कहा कि इस बदलाव के बाद वह पहले से ज्यादा कॉन्फिडेंट और हेल्दी महसूस कर रहे हैं ।