हिंदी सिनेमा की कल्ट फ़िल्मों में से एक शाहरुख खान अभिनीत चक दे इंडिया ने हर वर्ग के दर्शकों का दिल जीता है । हॉकी की प्रष्ठभूमि मे बनी चक दे इंडिया मे शाहरुख़ खान ने अपनी रोमांटिक छवि से हटकर एक ऐसे हॉकी कोच की भूमिका निभाई है जिसका एकमात्र लक्ष्य अपनी टीम को विश्व कप जिताना है । जहां इन दिनों में बॉलीवुड फ़िल्मों के सीक्वल का ट्रेंड बढ़ता ही जा रहा है । वहीं लोगों को चक दे इंडिया के पार्ट 2 का बेसब्री से इंतजार है । और तो और अब तो शाहरुख खान को भारतीय महिला हॉकी टीम के कोच शोर्ड मारिन से भी चक दे इंडिया पार्ट 2 बनाने का सुझाव मिल गया है ।

शाहरुख खान की चक दे इंडिया
टोक्यो ओलंपिक 2020 में भले ही भारतीय महिला हॉकी टीम ने मेडल न जीता हो लेकिन वह तमाम भारतीयों का दिल जीतने में कामयाब रही है । भारतीय महिला हॉकी टीम के सेमिफाइनल हारने के बाद बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख ने टीम की हौंसला अफ़जाई की और उन्हें सेमिफाइनल तक पहुंचने पर भी ढेरों बधाई दी थी । शाहरुख ने टीम की इस हार को भी जीत का तमगा दिया है और भारतीय महिला हॉकी टीम को सभी के लिए प्रेरणा बताया है । इस पर महिला हॉकी टीम के कोच शोर्ड मारिन (Sjoerd Marijne) ने शाहरुख को शुक्रिया कहा है ।
ब्रॉन्ज मेडल मैच में भारतीय महिला हॉकी टीम की हार के बाद शाहरुख ने ट्वीट किया, ‘दिल टूट गया लेकिन अपने सिर को ऊंचा रखिए । आप बहुत शानदार खेले, भारतीय महिला हॉकी टीम । आप सभी ने देश में हर किसी को प्रेरणा दी है, जो खुद में एक जीत है ।’
मारिन ने इसके रिप्लाई में लिखा, ‘बहुत बहुत शुक्रिया SRK,आपके प्यार के लिए । बॉलीवुड में बेस्ट से सपोर्ट मिलना शानदार है । मुझे लगता है कि चक दे- पार्ट 2 बनाने का वक्त आ गया है । क्या कहते हो ?’
Thank you @srk for all the love ! It's great to have support from the best in Bollywood. It's time for Chak De part 2, what say? ? https://t.co/ikJQv3VjdL
— Sjoerd Marijne (@SjoerdMarijne) August 6, 2021
बता दें कि शोर्ड मारिन ने शुक्रवार को ब्रॉन्ज मेडल मैच में महिला टीम की हार के बाद ऐलान किया कि बतौर कोच ओलंपिक उनका आखिरी टूर्नामेंट था । उनकी कोचिंग में भारतीय महिला हॉकी टीम ने ओलंपिक में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया । ब्रिटेन के खिलाफ कांस्य पदक के मुकाबले में 3-4 से हारने के बाद मारिन ने इस्तीफे की घोषणा की ।
यश राज फ़िल्म्स द्वारा बनाई चक दे ! इंडिया में शाहरुख ने कबीर खान नाम के हॉकी खिलाड़ी, जो बाद में कोच बनते हैं, की भूमिका निभाई है । कबीर की कप्तानी में भारत के पाकिस्तान से एक हॉकी मैच हारने पर मीडिया कबीर पर फिक्सिंग का आरोप लगाती है और कबीर को हॉकी टीम से निकाल दिया जाता है। इसके कुछ साल बाद कबीर भारतीय स्त्री हॉकी टीम के कोच बनते हैं और उन्हें हॉकी विश्व कप जीतने में सहायता करते हैं ।
















