नेहा धूपिया की सराही गई पहल फ़्रीडम टू फ़ीड लगातार मातृत्व, स्तनपान और महिलाओं के निजी व पेशेवर जीवन के बीच संतुलन की चुनौतियों पर महत्वपूर्ण बातचीत करती आ रही है। इस बार इस मंच पर भारतीय बैडमिंटन स्टार और कॉमनवेल्थ गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट ज्वाला गुट्टा शामिल होंगी। वह आज, 18 सितंबर 2025, नेहा के साथ एक खुला लाइव सेशन करेंगी।

नेहा धूपिया के शो में ज्वाला गुट्टा
ज्वाला, जो हाल ही में मां बनी हैं, ने 30 लीटर स्तन दूध दान कर सुर्खियाँ बटोरीं, ताकि ज़रूरतमंद नवजात शिशुओं की मदद हो सके। उनके इस प्रेरणादायक कदम ने न सिर्फ स्तनपान के महत्व को उजागर किया बल्कि देशभर में माताओं के लिए जागरूकता और सहयोग की ज़रूरत को भी सामने लाया।
आगामी सेशन के बारे में बोलते हुए, फ़्रीडम टू फ़ीड की संस्थापक नेहा धूपिया ने कहा, “मुझे बेहद खुशी है कि ज्वाला हमारे साथ जुड़ रही हैं। वह कोर्ट के अंदर और बाहर दोनों जगह चैंपियन रही हैं, और अब एक नई मां के रूप में भी अहम मुद्दों पर बात करके उदाहरण पेश कर रही हैं। उनकी ताक़त, संवेदनशीलता और हिम्मत की कहानी से बहुत सी महिलाएं खुद को जोड़ पाएंगी। मैं उनके मातृत्व, खिलाड़ी जीवन और एक ऐसी महिला के सफ़र के बारे में सुनने के लिए उत्सुक हूँ, जिसने हमेशा सीमाएँ तोड़ी हैं।”
इस पहल का मक़सद स्तनपान को सामान्य बनाना है। यह सुनिश्चित करना है कि इसे गलत नज़र से न देखा जाए । यही इस समुदाय का उद्देश्य है। ज्वाला का स्तन दूध दान सशक्तिकरण की एक शानदार मिसाल है, जिसने NICU वार्ड में नवजात शिशुओं की ज़िंदगियाँ बचाने और असंख्य माताओं को प्रेरित करने में मदद की है। उन्होंने खेल के मैदान पर ही नहीं, बल्कि मातृत्व और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े संवादों को भी भारत में एक नई दिशा दी है।
















