शाहरुख खान और गौरी खान की बेटी सुहाना खान ने हाल ही में उन ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया जो उनके सांवले रंग को लेकर उन्हें ट्रोल करते रहते हैं । कई बार अपने लुक्स और स्किन कलर को लेकर ट्रोल हुईं सुहाना खान ने पहली बार रंगभेद को लेकर सोशल मीडिया पर एक दमदार पोस्ट लिखा है । सुहाना ने पोस्ट में अपनी हाइट और स्किन कलर के बारे में बताते हुए कुछ कमेंट्स और मैसेजेज के स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए कहा कि उन्हें अपनी सांवली त्वचा पर नाज है ।

सुहाना खान ने रंगभेद पर लिखा दमदार पोस्ट
सुहाना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी एक खूबसूरत फ़ोटो के साथ एक पोस्ट शेयर की है । इस तस्वीर में सुहाना मुस्कुराती हुई नजर आ रही हैं । इस पोस्ट को शेयर करते हुए सुहाना ने लिखा, “यह, उन सभी लोगों के लिए है जो हिंदी नहीं बोलते हैं, मैंने सोचा उन्हें कुछ बता दूं । ब्लैक कलर को हिंदी में काला कहते हैं । काली शब्द का इस्तेमाल एक महिला के बारे में बताने के लिए किया जाता है जो डार्क कलर की हैं ।”
सुहाना को अपनी सांवली त्वचा पर नाज है
इसी के साथ सुहाना ने डिटेल पोस्ट में लिखा, “अभी बहुत कुछ चला रहा है और यह उन मुद्दों में से एक है जिन्हें हमें ठीक करने की जरूरत है । यह सिर्फ मेरे बारे में नहीं है, यह हर युवा लड़की/लड़के के बारे में है जो बिना किसी कारण के हीन भावना के साथ बड़ा होता है । जब मैं 12 साल की थी तब मुझे लोगों द्वारा बताया गया कि मैं अपनी स्किन के कारण बदसूरत हूं । ये टिप्पणी भारत के लोग करते हैं जबकि हम सभी भारतीय मुख्य रूप से ब्राउन कलर के ही होते हैं । आप मेलेनिन से खुद को दूर करने की कितनी कोशिश करते हैं लेकिन कर नहीं सकते । अपने ही लोगों से नफरत करने का मतलब है कि आप दर्द में हैं । मुझे दुख है कि अगर सोशल मीडिया इंडियन मैचमेकिंग या यहां तक कि आपकी खुद की फैमिली ने भी आपको आश्वस्त किया है कि अगर आप 5 फ़ुट 7 इंच और आपका कलर साफ नहीं है तो आप सुंदर नहीं हैं । मैं 5 फ़ुट 3 इंच की हूं और ब्राउन कलर की हूं । इसके बाद भी मैं खुश हूं और आपको भी होना चाहिए ।”
बता दें कि सुहाना इन दिनों न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में फिल्मों की पढ़ाई कर रही हैं । जहां सुहाना के पापा शाहरुख खान ने पहले ही ये साफ़ कर दिया है कि अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद ही वह बॉलीवुड में कदम रखेंग़ी वहीं उनकी बचपन की दोस्त अनन्या पांडे ने भी सुहाना के बॉलीवुड में कदम रखने के संकेत दिए थे ।
















