इंटरनेट पर इन दिनों एक 'डांसिंग अंकल' अपने गोविंदा के डांस मूव्स के कारण काफ़ी सुर्खियों में छाए हुए है । संजीव श्रीवास्तव नाम के इस शख्स ने जब से अपने डांस का वीडियो यूट्यूब पर अपलोड किया है तब से वह हर न्यूज चैनल और डिजीटल प्लेटफ़ॉर्म की हेडलाइन बन गए है । बता दें कि संजीव श्रीवास्तव ने गोविंदा अभिनीत फ़िल्म खुदगर्ज के लोकप्रिय गाने 'आपके आ जाने से…' पर डांस किया । संजीव श्रीवास्तव के डांस को देखकर हर कोई हैरान है और उनकी तारीफ़ करते नहीं थक रहा है । जहां वह अपने बेहतरीन डांस से हर किसी की वाहवाही लूट रहे हैं वहीं अब उनकी प्रेरणा रहे गोविंदा ने भी अपने इस फ़ैन की भर-भर कर प्रशंसा की है ।

'आप के आ जाने…' पर डांसिंग अंकल का डांस देख गोविंदा भी हुए फ़िदा

आपको बता दें कि, अपने डांस से रातों-रात स्टार बने संजीव पेशे से इलेक्ट्रॉनिक प्रोफ़ेसर हैं और उन्होंने ये डांस अपने साले की शादी की संगीत सेरेमनी में किया था । संजीव का डांस देख बॉलीवुड सेलिब्रिटी भी उनके डांस के दीवाने हो गए है । और खुद गोविंदा भी उनके डांस से काफ़ी प्रभावित हुए है ।

गोविंदा को भी प्रभावित कर गया संजीव श्रीवास्तव का डांस

गोविंदा अपने गाने पर संजीव का डांस देख काफ़ी खुश हुए और उन्होंने कहा कि संजीव ने अपने डांस से उनका दिल जीत लिया । गोविंदा ने कहा, ''माइंड ब्लोइंग । जिस तरह संजीव ने मेरे स्टेप्स को कॉपी किया है, वह वाकई तारीफ के काबिल है और कमाल है । कई लोगों ने मेरे स्टेप्स कॉपी किए हैं, लेकिन संजीव ने इसे काफी खूबसूरती से किया है । उनके डांस को देखकर काफी मजा आता है । उन्होंने जिस तरह ये डांस किया, उससे साफ जाहिर होता है कि वह पूरे दिल से नाच रहे थे । इसी वजह से ये डांस इतना खूबसूरत बना है ।"

वहीं दूसरी तरफ़, 'डांसिंग स्टार' श्रीवास्तव ने हमेशा से ही इस बात को कबूल किया है कि उनके बेहतरीन डांस की प्रेरणा हमेशा से ही दो प्रतिष्ठित अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती और गोविंदा रहे हैं ।

यह भी पढ़ें : पहलाज निहलानी ने गोविंदा को बनाया विजय माल्या और बाबा रामदेव

गोविंदा के अलावा, अन्य कलाकारों ने भी इनके डांस की खूब सराहना की और उनमें शामिल हैं अर्जुन कपूर, अनुष्का शर्मा और रवीना टंडन ।