
एक साल पहले फ़िल्म, की और का के बाद करीना कपूर खान मेटरनिटी लीव पर चली गई थी और फ़िल्मों से थोड़े समय के लिए ब्रेक ले लिया था । तैमुर अली खान को जन्म देने बाद अब फ़िर से करीना फ़िल्मों में वापसी कर रही है । करीना के प्रशंसकों को उनकी आगामी फ़िल्म का बेसब्री से इंतजार है ।

बीते साल, करीना कपूर खान ने रिया कपूर द्दारा प्रोड्यूस फ़िल्म वीरे दी वेडिंग साइन की । करीना की प्रेगनेंसी के कारण ये फ़िल्म कई बारी टाली जा चुकी है, लेकिन अब ये फ़िल्म फ़ाइनली शुरू होने जा रही है । इसलिए करीना कपूर अपनी कमबैक फ़िल्म के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रही है । और हाल ही में इस फ़िल्म के लिए करीना का फ़्रेश लुक सामने आया । इन फ़ोटो में करीना लुक टेस्ट देती हुई दिखाई दे रही है लेकिन इसमें भी करीना काफ़ी आकर्षक और खूबसूरत दिखाई दे रही है ।
इसी हफ़्ते फ़िल्म की गर्ल गैंग, करीना कपूर खान, सोनम कपूर, स्वरा भास्कर और शिखा तल्सानिया ने फ़िल्म की निर्माता रिया कपूर के साथ उनके ऑफ़िस में फ़िल्म की तैयारी शुरू की ।

शंशाक घोष द्दारा निर्देशित वीरे दी वेडिंग को अनिल कपूर फ़िल्म कंपनी और बालाजी मोशन पिक्चर्स लिमिटेड द्दारा प्रोड्यूस किया जाएगा । यह फ़िल्म अगले साल सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















