मुबारकां की सफ़लता के बाद अर्जुन कपूर यशराज फ़िल्म्स की अपनी अगली फ़िल्म संदीप और पिंकी फरार की तैयारी में जुट गए है । इस फ़िल्म में इश्कजादे की जोड़ी यानी, अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा अहम भूमिका निभाते हुए नजर आएगी । अर्जुन कपूर इस फ़िल्म में एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाते हुए दिखाई देंगे ।

उनके रोल के बारें में विस्तार से बताएं तो दिबाकर बनर्जी द्दारा निर्देशित इस फ़िल्म में अर्जुन दिल्ली पुलिस की विशेष इकाई में नियुक्त, सतींदर दहिया नाम के 30 वर्षीय पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाएंगे । हाल ही में फ़िल्म में अर्जुन का ये लुक सामने आया जिसमें वह छोटे बालों में पुलिस की वर्दी पहने दिखाई दे रहे हैं । इसके साथ-साथ अर्जुन कपूर ने इस फिल्म के लिए अपने चेहरे पर मूंछे भी रखी हैं जो उन पर काफ़ी जंच रही है ।

आपको बता दें कि अर्जुन कपूर ने अपने निर्देशक दिबाकर बनर्जी के सुपरविजन में अपने रोल के लिए खूब सारी तैयारी की । उन्होंने दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस दोनों में पुलिस रैंकों के साथ बातचीत की और एक ट्रेनिंग अकादमी का भी दौरा किया ।

फ़िल्म में अपने लुक और रोल के बारें में बात करते हुए अर्जुन ने कहा, ''हिंदी फ़िल्मों में पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाना परंपरागत रूप से कूल माना जाता है । लेकिन दिबाकर बनर्जी की फिल्म में, इस पुलिसवाले को यथार्थवादी के रूप में प्रस्तुत किया गया है और अद्वितीय व्यक्ति के रूप में भी । यह मेल इस रोल को और भी ज्यादा रोमांचक बनाता है । दिबाकर उनके किरदार के लुक को लेकर बहुत विशिष्ट थे । जो लुक वो पाना चाहते थे उसे पाने के लिए हमने इस पर काफ़ी समय काम किया । एक पुलिस वाले की तरह दिखने के लिए मेरी मूंछों से लेकर मेरी हेयर स्टाइल और मेरे चेहरे पर चकत्ते को लेकर दिबाकर ने बहुत काम किया । यह बहुत ही मनोरंजक फ़िल्म होगी और मैं शूटिंग के पहले दिन की प्रतीक्षा कर रहा हूं ।"

दिलचस्प बात यह है कि, अर्जुन कपूर पहली बार पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आएंगे । अर्जुन कपूर ने अपने किरदार को बारिकी से समझने के लिए वास्तविक जीवन के पुलिस अधिकारी के परिवारों से मिलना, कैडेट प्रशिक्षण में शामिल होना, हथियारों को संभालना, शारीरिक व्यायाम, फिटनेस प्रशिक्षण के साथ-साथ संकट और उच्च जोखिम वाली संघर्षपूर्ण स्थितियों से निपटने के लिए ओरिएनटेशन क्लास ली ।

संदीप और पिंकी फ़रार, का इसी साल ऐलान हुआ था । अब जल्द ही इस फ़िल्म की शूटिंग शुरू होगी । यह फ़िल्म अगले साल 3 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।