महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं लेकिन सरकार बनाने को लेकर भाजपा और शिवसेना के बीच अभी तक खींचतान जारी है । दोनों पार्टियां अपने सीएम उम्मीदवार पर अड़ी हुई हैं । राजनीतिक गलियारों में ये सवाल अभी तक बना हुआ है कि आखिर महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनेगा कौन ? इस बीच सोशल मीडिया पर एक फैन ने अभिनेता अनिल कपूर को महाराष्ट्र का सीएम बनाने का सुझाव दिया है । और अब खुद अनिल कपूर ने इसका बड़े ही फ़नी अंदाज में जवाब दिया है ।

अनिल कपूर को महाराष्ट्र के सीएम के रूप में देखना चाहते हैं फ़ैंस, अभिनेता ने दिया एपिक जवाब

अनिल कपूर ने दिया एपिक जवाब

जहां हर कोई इस पशोपेश में है कि आखिर कौन बनेगा महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री वहीं सोशल मीडिया पर एक फ़ैन ने सलाह दी कि "महाराष्ट्र में जब तक कोई रास्ता नहीं निकलता तब तक अनिल कपूर को ही मुख्यमंत्री बना कर देख लेते हैं । पर्दे पर उनके एक दिन का कार्यकाल पूरे देश ने देखा है और सराहा है । देवेंद्र फडणवीस और आदित्य ठाकरे क्या सोच रहे हैं ??"

फैन के इस ट्वीट पर अनिल ने रिप्लाई देते हुए कहा कि, 'मैं नायक ही ठीक हूं' । सोशल मीडिया पर अनिल के इस सेंस ऑफ़ ह्यूमर को काफ़ी पसंद किया जा रहा है । एक फैन ने लिखा- पहले अनिल कपूर मना करेंगे फिर बाद में शपथ लेंगे । दूसरे यूजर ने लिखा- वैसे यह सलाह बुरी नहीं है । एक फैन ने नायक फिल्म को दोबारा बनाने की मांग की है । लिखा- मुझे नायक काफी पसंद आई, नायक 2 भी बननी चाहिए ।

यह भी पढ़ें : हैप्पी बर्थडे : सदा जवां दिखने वाले अनिल कपूर के एवरग्रीन लुक का सीक्रेट आ गया सामने

आपको बता दें कि, साल 2001 में आई फ़िल्म नायक में अनिल ने एक दिन के मुख्यमंत्री बनने का चैलेंज एक्सेप्ट किया था । एस शंकर के निर्देशन में बनी इस फ़िल्म में अनिल के साथ अमरीश पुरी भी अहम भूमिका में नजर आए थे । इस फ़िल्म को सभी ने बहुत पसंद किया था ।