कला, लैला मजनू और बुलबुल जैसी फ़िल्मों में शानदार एक्टिंग करने वाली अभिनेत्री तृप्ति डिमरी को बॉलीवुड में एनिमल के बाद से ज़्यादा फेम मिला । एनिमल ने तृप्ति डिमरी के करियर को नेक्स्ट लेवल पर पहुँचा दिया । एनिमल ने भले ही तृप्ति के करियर को एक नई ऊँचाई पर पहुँचा दिया हो लेकिन एक्ट्रेस अपने काम को लेकर अपने पहले प्रोजेक्ट से ही काफ़ी ईमानदार रही हैं, यह कहना है ख़ुद तृप्ति डिमरी का । 2024 बॉलीवुड हंगामा राउंड टेबल में अनन्या पांडे, अदिति राव हैदरी, भूमि पेडनेकर, शालिनी पांडे और नितांशी गोयल के साथ शामिल हुईं तृप्ति डिमरी ने बताया कि वह अपने काम को लेकर जरा भी डाउटफुल नहीं होती ।

तृप्ति डिमरी को बुलबुल न करने की मिली थी सलाह
अपने करियर की शुरुआत में तृप्ति ने कई बेहतरीन फ़िल्में की लेकिन उन्हें वो सफलता हासिल नहीं हो पाई जो उन्हें एनिमल के बाद मिली । 2024 बॉलीवुड हंगामा राउंड टेबल में जब तृप्ति से पूछा गया कि बॉलीवुड में उनकी सबसे बड़ी सीख क्या रही ? इस पर तृप्ति ने कहा, “मेरी सबसे बड़ी सीख यह है कि मेरे पास जो भी काम आए, मुझे उसे पूरी ईमानदारी से करना चाहिए, क्योंकि मैंने महसूस किया है कि जहाँ भी मैं ईमानदार नहीं हूँ, जहाँ भी मैं थोड़ी भी आशंकित हूँ, वहीं मैं लड़खड़ा जाती हूँ और फेल हो जाती हूँ ।”
तृप्ति ने आगे यह भी बताया कि कुछ लोग उन्हें बुलबुल न करने की सलाह दे रहे थे लेकिन तब भी उन्होंने अपने दिल की आवाज़ सुनी । तृप्ति ने कहा, “बुलबुल नेटफ्लिक्स पर आने वाली पहली आठ फिल्मों में से एक थी, और बहुत से लोगों ने मुझे इसे न करने की सलाह दी थी । उन्होंने मुझसे कहा, ‘इसे मत करो, इसे मत करो ।’ लेकिन मुझे यह करना ही था, भले ही मुझे पैसे न मिले, भले ही फिल्म रिलीज़ न हो । मैं उसकी यात्रा का अनुभव करना चाहती थी, उसकी कहानी को जानना चाहती थी, और मैं खुश हूं कि मैंने ऐसा किया ।”
तृप्ति ने आगे बताया कि उनका विजन हर प्रोजेक्ट के साथ एक जैसा रहा है । फिर चाहे वो बुलबुल हो, कला हो या कोई भी उनकी फ़िल्म ।
















