कोरोना महामारी के बाद से हिंदी सिनेमा एक ब्लॉकबस्टर फ़िल्म के लिए तरस रहा था लेकिन शाहरुख खान ने अपने तूफ़ानी कमबैक से पठान के रूप में वो फ़िल्म दी जिसने बॉक्स ऑफिस पर अपनी सफलता से इतिहास रचा दिया और बाहुबली को पछाड़ते हुए ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फ़िल्म बनकर उभरी । साल 2023 की शुरुआत रिलीज हुई पठान ने सोए हुए बॉक्स ऑफिस पर एक नई उम्मीद जगा दी । हालाँकि उसके बाद रिलीज़ हुई फ़िल्मों ने उतनी सफलता अर्जित नहीं की जितनी उम्मीद की गई थी । और अब एक बार फिर जब हिंदी सिनेमा को ब्लॉकबस्टर फ़िल्म की ज़रूरत है तो, क्योंकि कुछ फ़िल्मों को छोड़कर बाक़ी की सभी फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर उतनी सफल नहीं हो पाई, शाहरुख खान अपनी जवान के साथ फिर से दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं । हाल ही में बॉलीवुड हंगामा के साथ हुई एक्सक्लूसिव बातचीत में फिल्म क्रिटिक और ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने शाहरुख खान की तारीफ़ करते हुए उन्हें “बॉक्स ऑफिस की सबसे बड़ी ताकत” बतलाया ।

तरण आदर्श ने शाहरुख खान को बताया नंबर 1
जवान के प्रीव्यू की तारीफ़ करते हुए तरण आदर्श ने कहा, "मुझे वास्तव में लगता है कि 2023 शाहरुख खान का है । वह सिर्फ नंबर वन ही नहीं हैं ; वह नंबर 1 से 5 तक हैं । आज, वह बादशाह हैं, राजा हैं, शहंशाह हैं या जो भी आप उन्हें बुलाना चाहें । शाहरुख बॉक्स ऑफिस की बड़ी ताकत हैं । कोई भी अन्य अभिनेता उनके कहीं से भी करीब नहीं है, और यह बात बाक़ी के ऐक्टर्स के लिए कड़वी सच्चाई के समान है और उन्हें इसे स्वीकार करने की आवश्यकता है, और उनके प्रशंसकों को भी इसे मानना ही होगा ।
उन्होंने आगे कहा, “पठान ने जो बिजनेस किया है, और अब जो जवान की ओपनिंग होगी ऐतिहासिक और हिला देने वाली होगी, जैसा कि हम इसे फिल्म उद्योग में कहते हैं । मुझे सच में जवान का प्रिव्यू बहुत शानदार लगा । हालाँकि कुछ लोगों का कहना है कि इसमें तो सिर्फ़ एक्शन ही एक्शन नज़र आ रहा है । तो मैं उनसे यही कहूँगा की क्या शाहरुख सिर्फ 2 मिनट में पूरी फिल्म की कहानी बता देंगे ? आपको कहानी देखनी है तो उसके लिए थिएटर में जाना होगा । ट्रेलर का क्या मतलब है ? इसका मतलब है आपको फ़िल्म की एक झलक दिखाना, न कि पूरी फिल्म का खुलासा करना । फ़िल्म देखने के लिए आपको 7 सितंबर तक का इंतज़ार करना होगा । इसलिए प्लीज़ उससे पहले अपनी राय माता बनाइए ।”
जवान रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट की प्रस्तुति है, जो एटली द्वारा निर्देशित, गौरी खान द्वारा निर्मित और गौरव वर्मा द्वारा सह-निर्मित हैं । यह फिल्म 7 सितंबर 2023 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी । इसमें शाहरुख के साथ नयनतारा, सान्या मल्होत्रा, सुनील ग्रोवर अहम रोल में नज़र आएँगे । वहीं दीपिका पादुकोण कैमियो करती हुई नज़र आएंगी ।
















