हॉरर-कॉमेडी ड्रामा स्त्री की सीक्वल स्त्री 2, दो फ़िल्मों- खेल खेल में और वेदा से बॉक्स ऑफिस मुक़ाबला करने के बावजूद विनर बनकर सामने आई । ब्लॉकबस्टर फ़िल्म के लिए तरस रहे बॉलीवुड को स्त्री 2 जैसी शानदार फ़िल्म देने वाले राजकुमार राव इन दिनों अपनी फ़िल्म को मिली सुपर सक्सेस को खूब एंजॉय कर रहे हैं । राजकुमार राव ने एक बार फिर अपनी एक्टिंग स्किल से सभी को इंप्रेस कर दिया है । स्त्री 2 के साथ राजकुमार राव बिना किसी शक के सुपरस्टार की श्रेणी में आ गए हैं । लेकिन यहां तक पहुँचना भी राजकुमार के लिए आसान नहीं था और ख़ासकर तब जब वो एक आउटसाइडर हों । बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में राजकुमार राव ने आउटसाइडर से सुपरस्टार बनने के सफ़र में आई चुनौतियों पर खुलकर बात की ।

EXCLUSIVE: आउटसाइडर होने के बावजूद राजकुमार राव के लिए आसान नहीं थी बॉलीवुड सुपरस्टार बनने की जर्नी ; “मुझे पता था कि मेरा यहां कोई खुली बाहों से स्वागत तो नहीं करेगा ; कई-कई बार तो खाना अरेंज करना भी टफ हो जाता था मेरे लिए”

आउटसाइडर होने के बावजूद बॉलीवुड सुपरस्टार बने राजकुमार राव

बॉलीवुड में आउटसाइडर होने के बावजूद एक बड़े स्टार बनकर उभरे राजकुमार राव के लिए इस मुक़ाम तक पहुँचना आसान नहीं था । एक बड़ा स्टार बनने के लिए कई चैलेंजेस का सामना करने पर राजकुमार ने कहा, “निश्चितरूप से यह आसान नहीं था । शुरुआत के दो साल तो बहुत ही मुश्किल भरे थे क्योंकि मैं बॉलीवुड में किसी को भी नहीं जानता था । काम की तलाश में मैं हर दिन, घर से बाहर जाता था । मुझे कोई आइडिया नहीं था कि मुझे काम के लिए किससे मिलना है । काम के लिए किससे बात करनी है, वग़ैरहा । लेकिन मैं इन सबके लिए रेडी था क्योंकि मैं इस शहर में किसी को नहीं जानता था, तो ये तो होना ही था । मुझे पता था कि कोई भी यहाँ, मेरा खुली बाहों से स्वागत तो नहीं करेगा । मैं घंटों-घंटों इंतज़ार करता था लोगों से मिलने की लिए यहाँ तक कि दूर-दूर भी जाता था । मैंने अपना रास्ता ख़ुद बनाया । मेहनत लगी लेकिन मैं इस जर्नी के लिए पहले से ही रेडी था । कई-कई बार तो ऐसा हुआ कि मुझे अगले पल क्या खाना है इसको अरेंज करना भी बहुत मुश्किल हो जाता था । लेकिन फिर भी मैंने हार्ड वर्क करना नहीं छोड़ा, मैं घर जाता और अपने क्राफ़्ट पर पहले से भी ज्यादा मेहनत करता । और ये चीज़ ने मुझे हमेशा मोटिवेट किया कि आज मैंने उस चीज़ पर काम किया जिसे मैं प्यार करता हूँ । यह मेरे लिए बहुत ज़रूरी है क्योंकि मुझे एक्टिंग से बहुत प्यार है ।”

जियो स्टूडियोज के साथ मैडॉक फिल्म्स द्वारा निर्मित और अमर कौशिक के निर्देशन में बनी स्त्री 2 बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है । फ़िल्म ने अपनी रिलीज़ के पहले ही दिन से बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बनाना शुरू कर दिया था और जो अब तक जारी है । राजकुमार राव, श्रद्धा कपूर, पकंज त्रिपाठी, अपरशक्ति खुराना और अभिषेक बनर्जी की स्त्री 2 में वरुण धवन और अक्षय कुमार ने भी कैमियो किया है ।