नवाजुद्दीन सिद्दीकी इन दिनों अपनी आगामी फ़िल्म हीरोपंती 2 में अपने अनूठे किरदार के कारण लगातार सुर्खियों में छाए हुए हैं । जब से फ़िल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ है तब से हर कोई उनकी फ़िल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहा है । इसके अलावा नवाजुद्दीन सिद्दीकी अपने करोड़ों के बंगले को लेकर भी लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं । नवाज ने कुछ महीने पहले ही सपनों की नगरी मुंबई में एक आलिशान बंग़ला बनवाया जिसका नाम उन्होंने अपने पिता की याद में नवाब रखा । करोड़ों रु के इस बंगले की कई तस्वीरें नवाज ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट की और खुशी जाहिर की । हाल ही में हीरोपंती 2 के प्रमोशन के सिलसिले में बॉलीवुड हंगामा से हुई एक्सक्लूसिव बातचीत में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि उनका बंगाला 4-5 फ़िल्मों से नहीं बना है बल्कि इसके बनाने में बहुत मेहनत लगी है ।

EXCLUSIVE: नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने अपने करोड़ों रु के लग्जरी बंगले ‘नवाब’ को लेकर कहा, “4-5 फ़िल्मों में नहीं बनता ऐसा बंगला”

नवाजुद्दीन सिद्दीकी को जुड़ाव वाली फ़िल्में पसंद

इंटरव्यू के दौरान जब नवाज से पूछा गया कि, आपने फ़िल्मों में इस मुकाम तक पहुंचने के लिए बहुत स्ट्रगल किया है और अब आप एक महंगे बंगले में शिफ़्ट हो गए हैं । आपने अपने करियर में कुछ 4-5 कमर्शियल फ़िल्में की हैं जैसे बजरंगी भाईजान, किक, रईस इत्यादि । तो क्या इन कमर्शियल फ़िल्मों ने आपने अपने सपनों का आशियाना लेने में बड़ी हेल्प की । इस पर नवाज ने कहा, “ऐसी कमर्शियल फ़िल्में तो मैंने चार-पांच की होंगी । और जो मेरा बंगला है उससे भी बहुत महंगा है । चार-पांच फिल्मों में नहीं बनता ऐसा बंगला । दूसरी फिल्में जो हैं, उनमें भी ऐसा नहीं है के… हां, कुछ फिल्में हैं जिनमें पैसा नहीं है, लेकिन मुझे अच्छी लग रही है, जैसे मंटो, तो मैंने फ्री में भी की है, और आगे भी करुंगा ।”

नवाज ने आगे कहा कि, “कमर्शियल फ़िल्मों में भी मीनिंगफ़ुल फ़िल्में भी होती है । जैसे बजरंगी भाईजान थी , ऐसी फ़िल्म के साथ आप बहुत कुछ लेके जाते हैं घर और इसके बारें में बहुत कुछ सोचते हैं क्योंकि ये फ़िल्म जुड़ाव वाली बात कर रही है । लेकिन वही फ़िल्म जब तुड़ाव वाली बात भी कर रही है तो वो सिनेमा नहीं कुछ और है ।”

वर्क फ़्रंट की बात करें तो, नवाज जल्द ही टाइगर श्रॉफ़ और तारा सुतारिया के साथ हीरोपंती 2 में एक अहम किरदार निभाते हुए नजर आएंगे । यह फ़िल्म 29 अप्रैल को ईद के दौरान रिलीज होगी ।