बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ हिंदी सिनेमा के एक प्रतिष्ठित अभिनेता में से एक हैं जिन्होंने एक से बढ़कर एक हिट फ़िल्में दी । फ़िल्म इंडस्ट्री के आइकन माने जाने वाले जैकी श्रॉफ ने अपने अभी तक के करियर में में 13 भाषाओं में 220 से अधिक फिल्में की है और ये सिलसिला अभी भी जारी है । बिना किसी गॉडफादर के फ़िल्मों में अपनी मज़बूत जगह बनाने वाले जैकी श्रॉफ ने हाल ही में बॉलीवुड हंगामा के साथ एक बातचीत में अपने हीरो बनने से पहले के दौर पर खुलकर बात की और बताया की कैसे उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में काम करने के बाद फ़िल्मों में भाग्य आज़माया ।

फ़िल्मों में आने से पहले जैकी श्रॉफ ने कई तरह के काम किए
इंटरव्यू के दौरान जब जैकी से पूछा गया की फ़िल्मों में आने से पहले आपने शेफ़, फ़्लाइट में अटेंडेंट और कई तरह के काम किए, तो ऐसी क्या चीज़ थी जिसने आपको फ़िल्मों में आने के लिए प्रेरित किया ? इसके जवाब में जैकी ने कहा, “मैंने कुछ नहीं मांगा । भगवान ने बस मुझे दिया, और मैंने इसे लिया । मैंने एक कपड़े की दुकान में कपड़े की एक्सपोर्ट क्वालिटी की सुपरवाइज़री भी की थी, इसके बाद एक ट्रैवल एजेंसी शुरू की । इसके बाद पिताजी ने कहा कि तुम मास मीडिया में अच्छा करोगे । बस दो साल ये वो काम किया फिर रास्ते पर से किसी ने उठा लिया और बन गया हीरो ।”
आख़िर में जैकी ने कहा, “मैंने किसी से काम माँगा नहीं । आया वो लिया, उसकी इज्जत की । जो नहीं था उसके बारें में सोचा नहीं ।”
हाल ही में जैकी की फ़िल्म लाइफ इज गुड रिलीज़ हुई है जिसमें अभिनेता ने अहम भूमिका निभाई है ।
















