बिग बॉस 14 में अपने अलग तरह के अंदाज से लोगों का मनोरंजन करने वाली राखी सावंत को बॉलीवुड की ड्रामा क्वीन भी कहा जाता है । बिग बॉस 14 के टॉप 5 में पहुंच कर 14 लाख लेने वाली राखी ने बिग बॉस की ट्रॉफ़ी की रेस से बाहर हो गई और जीती हुई रकम लेकर अपने घर गई । राखी ने ये जीती हुई राशि अपनी मां के कैंसर के इलाज में लगाई । हाल ही में राखी ‘ड्रीम में एंट्री’ म्यूजिक वीडियो में नजर आई । बॉलीवुड हंगामा को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में राखी ने अपने बारें में कई बातें की साथ ही अपना एक छुपा हुआ टैलेंट भी बताया जिसे उन्हें अभी तक दिखाने का मौका भी नहीं मिला ।

0d94c161-dce6-448b-8ed3-094e3dae64af

राखी सावंत ने बताया अपना छुपा हुआ टैलेंट

इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पूछा गया कि उनके अंदर ऐसा कौनसा टैलेंट है जो उन्होंने अभी तक नहीं दिखाया ? इसके जवाब में राखी ने कहा, “मैं एक अच्छी पत्नी बनना चाहती हूं । एक अच्छी मां बनना चाहती हूं और मैं एक अच्छी एक्ट्रेस भी हूं लेकिन मुझे अच्छी एक्टिंग करने का मौका नहीं दिया गया या मिला नहीं ।”

इसके बाद राखी ने आगे कहा, “और पत्नी कितनी अच्छी हूं ये बिग बॉस हाउस में ही पता चलता है । वहां पर इतने कैमरे लगे होते हैं कि वहां पर कभी कोई झूठ नहीं होता । बिग बॉस हाउस कभी स्क्रिप्टेड नहीं होता । मुझे लगता है कि अगर मुझे और मेरे पति को बिग बॉस हाउस में डाल दिया जाए तो मुझे लगता है कि मैं एक अच्छी पत्नी साबित होंगी । मेरे पति का मैं कोई गारंटी नहीं लेती । मेरे पति अभी विदेश में है और उन्हें सिर्फ़ बिग बॉस ही ला सकते हैं । पकड़कर उन्हें डाल दे और बाहर से एक बड़ा सा ताला डाल दे जिससे वो भागने की कोशिश ही न करे ।”

बता दें कि राखी ने बिग बॉस हाउस में जिक्र किया था कि उन्होंने अपने पति को 2 साल से नहीं देखा है । इतना ही नहीं राखी ने यह भी बताया था कि उनके पति की पहले से ही एक पत्नी और बच्चा है जिसके बारें में उन्हें शादी के बाद पता चला ।

नहीं पढ़ पाने का दर्द

राखी से जब आगे पूछा गया कि उनकी लाइफ़ में ऐसा कोई लम्हा है जो उन्हें इमोशनल करता है ? इसके जवाब में राखी ने कहा, “बहुत लम्हे है ऐसे । मैं हमेशा अपने मां-बाप से पूछती हूं कि आखिर आपने हम लोगों को क्यों नहीं पढ़ाया । सिर्फ़ मेरे भाई को पढ़ाया-लिखाया । लेकिन मुझे उनसे कोई शिकायत नहीं है । न ही मुझे कोई अधिकारी है कि मैं उनसे इस बारें में कोई पूछताछ करुं । क्योंकि मां-बाप, मां-बाप होते हैं उनकी अपनी परिस्थिती होती है । वैसे मेरी जिंदगी में ऐसे कई इमोशनल पल हैं । बचपन से ही मेरे कंधों पर घर की जिम्मेदारी डाल दी गई जिसे मैं आज तक निभा रही हूं ।”