90 के दशक में बॉलीवुड की कई फिल्मों में सपोर्टिंग रोल निभाकर मशहूर हुए एक्टर दीपक तिजोरी अब निर्देशक बन चुके हैं । दीपक तिजोरी कई बड़ी फ़िल्मों का हिस्सा रह चुके हैं साथ ही कई बड़े एक्टर्स के साथ भी स्क्रीन शेयर कर चुके है । शाहरुख खान, आमिर खान और सलमान खान के साथ काम कर चुके दीपक तिजोरी ने हाल ही में बॉलीवुड हंगामा के साथ बातचीत की जिसमे उन्होंने अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स और कई विषयों पर खुलकर बात की । साथ ही इतने अच्छे किरदार निभाने के बावजूद कोई अवॉर्ड नहीं मिलने की वजह भी बतलाई ।
90 के दशक में आपका करियर जिस तरह से चल रहा था, क्या आप उससे खुश थे ?
मैं केवल काम का आनंद ले रहा था । मैं यह नहीं देख रहा था कि मेरी फिल्म हिट होगी या फ्लॉप । उस समय जब आपको भूख लगती है तो आपकी थाली में जो आता है वही आप खाना चाहते हैं । मैं चीजों को लेकर चूजी नहीं था, क्योंकि मैं इंडस्ट्री को नहीं जानता था । मैं किसी फ़िल्मी परिवार से नहीं रहा हूं । इसलिए, मुझे नहीं पता था कि 'इसके साथ काम करो', 'उसके साथ काम मत करो', 'ये स्क्रिप्ट करो' या 'ये स्क्रिप्ट मत करो'। गरीब की झोली में जो आया, मैं लेता गया! इसलिए आशिकी (1990) के बाद, अच्छे निर्देशक और अच्छी स्क्रिप्ट मेरे पास आ रही थीं । मैं काम करता रहा । मैंने कभी कुछ प्लान नहीं किया ।
आपने कभी कोई पुरस्कार नहीं जीता, हालांकि आपने कई यादगार भूमिकाएं निभाई हैं । क्या इससे आपको दुख नहीं होता ?
(हंसते हुए) नहीं, इससे मुझे दुख नहीं होता । मुझे तो आज तक नॉमिनेट भी नहीं किया गया है । मुझे लगता है क्योंकि मैं सोशल नहीं रहा हूं । मैं शराब नहीं पीता, मैं धूम्रपान नहीं करता । मैं एक उबाऊ, शाकाहारी आदमी हूँ बस ।
एक इंटरव्यू में आपने कहा था, "एक समय था जब रवीना टंडन, शाहरुख खान और मैं एक साथ पार्टी करते थे । वे मेरी आदतों को जानते थे और उन्हें इससे कोई दिक्कत नहीं थी ।"
हां, हम सब पार्टी करते थे । यहां तक कि पूजा भट्ट भी हममें शामिल थीं; वह मेरी सबसे करीबी दोस्त है । राहुल रॉय, शाहरुख खान, रवीना, विक्रम भट्ट आदि भी थे और हम खूब पार्टी करते थे । हम बांद्रा में रॉक अराउंड द क्लॉक, जिसे आरटीसी भी कहा जाता है, में घूमते थे । हम लोग वहां पड़े रहते थे । हर दूसरी या तीसरी रात हम वहां पार्टी करते थे । वे जानते थे कि मैं शराब नहीं पीता । तो मैं उनका ड्राइवर था (हंसते हुए)!
क्या आप कभी शाहरुख खान के ड्राइवर रहे हैं ?
नहीं, वो अपनी गाड़ी में आता और जाता था । वे सभी इस बात से सहज थे कि 'चलो, एक बंदा है अपने साथ जो साने है '! जैसा कि मैंने कहा कि, वे शराबी या कुछ और नहीं थे । बस मजे करते थे सब ।
क्या आप अभी भी उनके संपर्क में हैं ?
मैं पूजा और राहुल के संपर्क में हूं । मैं शाहरुख के संपर्क में नहीं हूं । लेकिन जब हम मिलते हैं तो हम वही होते हैं । दरअसल, शाहरुख हो या सलमान या आमिर, हम जब भी मिलते हैं, वहीं से उठाते हैं, जहां से छोड़ा था ।
शाहरुख खान की बादशाह (1999) में, आप ही थे जिन्होंने बादशाह का किरदार निभाया था और आपका किरदार का बहुत अहम था, हालांकि आपका स्क्रीन टाइम लिमिटेड था…
हां, मैंने वह फिल्म इसलिए की क्योंकि अब्बास-मस्तान के साथ मेरे अच्छे संबंध थे । उन्होंने मुझसे कहा कि फिल्म में शाहरुख हैं और उन्हें किसी ऐसे व्यक्ति की जरूरत है जो बराबर हो । तो, मैं उस फ़िल्म को करने के लिए राजी हो गया ।
















