बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल की डेब्यू फ़िल्म बरसात ने इस साल अपनी रिलीज के 25 साल पूरे कर लिए हैं । इस फ़िल्म में बॉबी देओल और ट्विंकल खन्ना एक दूसरे के अपोजिट नजर आए थे । राजकुमार संतोषी द्दारा डायरेक्ट की गई इस फ़िल्म को धर्मेंद्र और सनी देओल ने प्रोड्यूस किया था । बरसात के 25 साल पूरा होने पर बॉबी देओल ने बॉलीवुड हंगामा के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत की जिसमें उन्होंने बरसात की शूटिंग से जुड़ी कुछ यादों को शेयर किया । इसी के साथ बॉबी ने अपने बड़े भाई सनी देओल के साथ बॉंडिंग को भी शेयर किया ।

EXCLUSIVE: बरसात के स्टंट सीन शूट करते वक्त ज़ख्मी हुए बॉबी देओल के सबसे बड़े सपोर्ट बने थे ‘भाई’ सनी देओल

बॉबी देओल के सपोर्ट बने सनी देओल

इंटरव्यू के दौरान बरसात के एक्शन सीन को याद करते हुए बॉबी ने बताया कि, “उस वक्त जब फ़िल्में बनती थी तो ऐसा होता था कि यदि धर्मेंद्र का बेटा है तो फ़िल्म में उसका एक्शन भी होना चाहिए और रोमांस भी और डांस भी होना चाहिए । मतलब की उस समय स्टार किड के टैलेंट का शोकेस बनता था । मेरे पापा टाइगर फ़ाइट्स के लिए जाने जाते हैं और वह अपनी फ़िल्मों में कई बार ये कर भी चुके हैं । बरसात में मेरा एक पहाड़ी लड़के का किरदार था और हम मुदुमलाई में शूटिंग कर रहे थे । उन दिनों जानवरों पर होने वाले अत्याचार पर इतना ध्यान नहीं देते थे । तो जब हम टाइगर फ़ाइट के लिए शूटिंग कर रहे थे तो जब वो शेर को मेरे सामने लेकर आ थे तो उस शेर का मुंह सिला हुआ था ।

मुझे पता था कि मेरा भाई मेरी देखभाल अच्छे से करेगा

हम सभी शेर की ऐसी हालत देखकर परेशान हो गए थे कि कोई ऐसा कैसे कर सकता है । फ़िर इसके बाद मेरे भाई सनी देओल ने कहा कि हम ये नहीं करेगे । हम ये सीन इटली जाकर शूट करेंगे । जहां एक आदमी है जिसका खुद का चिड़ियाघर है और हॉलीवुड की फ़िल्मों में उसी के चिड़ियाघर के जानवर इस्तेमाल किए जाते हैं । फ़िर हमने इटली जकर टाइगर के साथ फ़ाइट की । मेरे लिए थोड़ा मुश्किल था लेकिन फ़िर मैंने कर लिया । उसके बाद भैया ने सोचा कि जब यहां आ ही गए हैं तो, इंग्लैंड जाकर बॉबी के शॉट्स को और ज्यादा बड़ा कर देते हैं ।

बरसात में मेरा पहला शॉट असल में मेरा लास्ट शॉट है । यहां घोड़े के साथ शूट करते वक्त मेरा पैर टूट गया । उस वक्त मेरा भाई मेरा सबसे बड़ा सपोर्ट बना । मुझे पता था कि मेरा पैर टूट गया है लेकिन मुझे ये भी पता था कि मेरा भाई मेरी देखभाल अच्छे से करेगा । मेरे भैया मुझे अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टर्स ने कह दिया कि वो मेरी टांग नहीं बचा सकते । लेकिन फ़िर मेरे भैया एक प्राइवेट प्लेन से मुझे लंदन लेकर गए जहां मेरी सर्जरी कराई गई । मेरे पांव में आज भी रोड़ है स्क्रू के साथ ।”