आयुष्मान खुराना एक बार फ़िर अपनी हिट कमर्शियल फ़्रेंचाइजी ड्रीम गर्ल के दूसरे पार्ट, ड्रीम गर्ल 2 के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं । इस बार ड्रीम गर्ल 2 में आयुष्मान खुराना के साथ अनन्या पांडे लीड रोल में नजर आएंगी । फ़िल्म के गाने और ट्रेलर को तो लोगों ने काफ़ी पसंद किया है और अब सभी को फ़िल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार है । वहीं आयुष्मान खुराना के लिए भी ड्रीम गर्ल का सक्सेसफ़ुल होना बहुत जरूरी है क्योंकि उनकी पिछली कुछ फ़िल्में बॉक्स ऑफ़िस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई । इसलिए आयुष्मान को अपनी अपकमिंग फ़िल्म ड्रीम गर्ल से काफ़ी उम्मीदें है । लेकिन आयुष्मान हालिया रिलीज फ़िल्मों- गदर 2, ओह माई गॉड 2 और रॉकी और रानी की प्रेम कहानी की बॉक्स ऑफ़िस सफ़लता को देख काफ़ी राहत महसूस कर रहे हैं । इसका खुलासा खुद आयुष्मान ने बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में किया ।

आयुष्मान खुराना ने राहत महसूस हो रही है
बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में जब आयुष्मान से पूछा गया कि, गदर 2, ओह माई गॉड 2 और रॉकी और रानी की प्रेम कहानी ने बॉक्स ऑफ़िस पर काफ़ी अच्छा प्रदर्शन कर रही है, तो क्या आप मानते हैं कि ये एक अच्छा संकेत है । इसके जवाब में आयुष्मान ने कहा, “ये बहुत अच्छा संकेत है । और मैं राहत फ़ील कर रहा हूं कि, ओह माई गॉड 2, सत्यप्रेम की कथा, जरा हटके जरा बचके जैसी मिड बजट की फ़िल्में भी बॉक्स ऑफ़िस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं । और मेरी भी फ़िल्म मिड बजट और हाई कॉन्सेप्ट फ़िल्म होती है, तो ये देखकर काफ़ी राहत महसूस हो रही है मुझे ।
इसी इंटरव्यू के दौरान जब आयुष्मान से पूछा गया कि आपकी फ़िल्म मिड बजट ही क्यों होती है, इस पर आयुष्मान ने हंसते हुए कहा, “मुझे कास्ट कर लो बिग बजट फ़िल्म में, मुझे कोई एतराज नहीं है । मैं भी चाहता हूं कि मैं एक बडी ग्रैंड बिग बजट फ़िल्म करुं सिल्वर स्क्रीन के लिए ।”
ड्रीम गर्ल 2 की बात करें तो, राज शांडिल्य द्वारा निर्देशित और एकता आर कपूर और शोभा कपूर द्वारा निर्मित ड्रीम गर्ल 2 में आयुष्मान और अनन्या पांडे के साथ परेश रावल, राजपाल यादव, विजय राज, मनजोत सिंह अभिषेक बनर्जी, मनोज जोशी और अन्नू कपूर भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म 25 अगस्त, 2023 को सिनेमाघरों में आ रही है।
















