सलाम नमस्ते, धमाल, जॉली एलएलबी, और मुन्ना भाई एमबीबीएस फ़्रैचाइजी जैसी कमर्शियल हिट देने वाले अरशद वारसी ने अपनी एक्टिंग से कभी निराश नहीं किया । कमाल की कॉमिक टाइमिंग से लेकर गंभीर रोल तक अरशद ने बहुत ही सहजता से निभाए हैं । हाल ही में स्ट्रीम हुई वेब सीरिज़ असुर 2 में भी एक बार फिर अरशद ने अपने अभिनय से लोगों का दिल जीत लिया । लेकिन इतनी तारीफ़ों के बाद भी अरशद को फ़िल्म इंडस्ट्री में वो मुक़ाम नहीं मिला जिसके वो हक़दार हैं । और ये बात न केवल उनके फ़ैंस बल्कि ख़ुद अरशद वारसी ने भी क़बूल की है की वह अंडररेटेड हैं लेकिन उससे अंडरयूज हैं ।

ख़ुद को अंडरयूज मानते हैं अरशद वारसी
बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए एक्सक्लूसिव वीडियो इंटरव्यू में, जब अरशद वारसी से पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि वह फिल्म उद्योग के एक अंडररेटेड अभिनेता हैं, तो अरशद ने कहा, “देखिए, मुझे पता है कि मैं और भी बहुत कुछ कर सकता हूं, मैं और भी बहुत कुछ कर सकता था और मुझे लगता है सभी अभिनेता ऐसा महसूस करते हैं । मुझे लगता है कि मैं काफी कम इस्तेमाल हुआ हूं । मैं कई सारे प्रोजेक्ट कर सकता था । ऐसे कई प्रोजेक्ट्स थे जो मुझे करने थे लेकिन फिर उन्हें लास्ट मोमेंट पर किसी और को दे दिया गया और तब मुझे एहसास हुआ कि उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था क्योंकि मैं उनसे काफ़ी बेहतर कर सकता था । तो वे चीजें हैं जो मैंने देखी हैं। तो, हाँ, मुझे कम आंका गया है यानी अंडररेटेड हूं, और मैं कम इस्तेमाल किया गया हूँ ।”
असुर 2 के बारे में बात करें तो 1 जून को रिलीज़ हुई मनोवैज्ञानिक मिस्ट्री थ्रिलर को काफ़ी पसंद किया जा रहा है । असुर 2 में अरशद के अलावा बरुण सोबती, रिद्धि डोगरा, अनुप्रिया गोयनका, अमेय वाघ, मेयांग चांग, अभिषेक चौहान और गौरव अरोड़ा भी मुख्य भूमिका में नज़र आए हैं ।
















