हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली फ़िल्म स्त्री 2 रिलीज के साथ बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है । दिनेश विजन के प्रोडक्शन में बनी स्त्री 2 में राजकुमार राव, श्रद्धा कपूर, पंकज त्रिपाठी, अपरशक्ति खुराना और अभिषेक बनर्जी अहम भूमिका में नज़र आए हैं । लेकिन लीड स्टार कास्ट के साथ-साथ फ़िल्म में अक्षय कुमार के कैमियो ने भी अच्छा-ख़ासा ध्यान खींचा है । दर्शकों ने अक्षय कुमार के छोटे से रोल को काफ़ी पसंद किया । डर के साथ हंसी के ठाहके लगवाने वाली स्त्री 2 में अक्षय कुमार की कास्टिंग पर डायरेक्टर अमर कौशिक ने बॉलीवुड हंगामा के साथ दिलचस्प खुलासा किया है साथ बताया कि अक्षय की फ़िल्म में कैसे एंट्री हुई ।

स्त्री 2 में अक्षय कुमार की कास्टिंग
स्त्री 2 में अक्षय कुमार ने कमाल का कैमियो किया है । जब इस बारें में डायरेक्टर अमर कौशिक से सवाल किया गया कि उन्हें कैमियो के लिए राज़ी करना कितना मुश्किल रहा ? इसके जवाब में अमर कैशिक ने कहा- “यह बहुत आसान था। हम लंदन में स्काई फोर्स की शूटिंग कर रहे थे। बातों बातों में मैंने बोल दिया । मैंने कोई प्लान नहीं किया था इसके लिए । उन्होंने मुझसे पूछा, ‘बेटा, तू क्या कर रहा है?’। मैंने जवाब दिया, ‘मैं स्त्री 2 कर रहा हूँ । इसमें एक छोटा सा रोल है। आप करोगे?’। यह मेरे मुंह से निकल गया और फिर मैंने सोचा ‘मैंने दीनू (निर्माता दिनेश विजान) से भी नहीं पूछा’! अक्षय सर ने मुझसे डिटेल माँगी और मैंने उन्हें कहानी और उनके किरदार के बारे में बताया। उन्होंने मुझसे कहा, ‘बिलकुल करूंगा मैं यह रोल, बेटा । मज़ेदार है यह तो’। मुझे आश्चर्य हुआ कि उन्होंने इसे तुरंत स्वीकार कर लिया ।”
अमर कौशिक ने आगे कहा, “शूटिंग से पहले, उन्होंने एक लुक टेस्ट लिया और रीडिंग की । वे सेट पर आए और हमने उनके साथ शूटिंग करके खूब मस्ती की । उन्होंने उस कैमियो में भी बहुत कुछ सुधार किया । हम उन्हें हेरा फेरी जैसी कॉमेडी फिल्मों में देखकर बड़े हुए हैं । लेकिन उन्हें इतनी ऊर्जा के साथ अभिनय करते देखना एक शानदार अनुभव था ।”
स्त्री 2 की बात करें तो यह फ़िल्म बॉक्स ऑफिस पर तूफ़ानी कमाई कर रही है । फ़िल्म ने कई रिकॉर्ड तोड़ते हुए अब तक कुल 269.20 करोड़ रू की कमाई कर चुकी है ।
















