साल 2018 में रिलीज हुई धड़क का सीक्वल, धड़क 2 अब सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है । करण जौहर निर्मित धड़क 2 में सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी पहली बार किसी फिल्म में स्क्रीन शेयर कर रहे हैं । और आज CBFC द्वारा लगाए गए कई सारे कट्स के बाद धड़क 2 का ट्रेलर रिलीज हो गया है जिसमें सिद्धांत और तृप्ति की केमिस्ट्री के साथ-साथ एक्टिंग की भी खूब तारीफ हो रही है । धड़क 2 के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी के साथ निर्माता करण जौहर, अपूर्वा मेहता और निर्देशक शाज़िया इकबाल भी मौजूद रहे । इस दौरान करण जौहर ने ख़ुद को लेकर फैली अफवाहों को क्लियर किया ।

करण जौहर बोले – “मैं ज़िंदा हूं और ज़िंदा रहूंगा”
करण जौहर का बदला-बदला लुक बीते कुछ समय से सोशल मीडिया पर चर्चा में बना हुआ है। इवेंट के दौरान एक पत्रकार ने उन्हें ‘डैशिंग’ लुक के लिए तारीफ दी और उनके नए अवतार का राज़ पूछा । इस पर करण जौहर ने बेहद साफ़गोई से जवाब देते हुए कहा, “कोई राज़ नहीं है। कल ही मैं इंटरनेट पर पढ़ रहा था… लोगों ने तो मुझे मार ही डाला था ! कहा गया, ‘इसे क्या हो गया है?’ और ‘करण जौहर कौन सी बीमारी पाल रहा है?’ मैं सभी को स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि मेरी तबीयत एकदम ठीक है। मैं बहुत खुश हूं। और सच कहूं तो अपने शरीर में पहले से कहीं ज्यादा हल्का महसूस कर रहा हूं। यही वजह है कि मैंने वज़न कम किया। दूसरी वजह यह है कि मैंने अपने जीवन में वेलनेस को अपनाया है ।”
करण ने मुस्कराते हुए आगे कहा, “तो हां, मैं ज़िंदा हूं और ज़िंदा रहूंगा। मैं नेटिज़न्स से कहना चाहता हूं कि मैं बहुत साल जीना चाहता हूं—खासकर अपने बच्चों के लिए। और हां, मंच पर बैठे ये सारे लोग भी मेरे बच्चे जैसे हैं। मेरे अंदर अभी बहुत सारी कहानियाँ हैं जिन्हें मैं स्क्रीन पर लाना चाहता हूं ।”
जब पत्रकार ने कहा कि करण 53 नहीं, 35 साल के लगते हैं, तो करण मुस्कराते हुए बोले: “आप आज मेरी सबसे पसंदीदा इंसान हैं पूरे वर्ल्ड में !” और पत्रकार द्वारा मिले कॉम्प्लिमेंट को लेकर करण ने यह भी कहा कि, “धन्यवाद, इसका मेरे लिए बहुत मतलब है । मैं 53 का हूं, अब भी सिंगल हूं… तो हो सकता है कि आपका कॉम्प्लिमेंट कोई सुन ही ले !”
इवेंट में करण जौहर ने यह भी स्पष्ट किया कि फिल्म को CBFC से कुछ दिक्कतें जरूर आई थीं, लेकिन उन्होंने दर्शकों को आश्वासन दिया कि जो कट्स किए गए हैं, उससे फिल्म की कहानी या प्रभाव पर कोई असर नहीं पड़ा है।
धड़क 2 सिनेमाघरों में 1 अगस्त 2025 को रिलीज़ होगी।
















