
अब तक ये हम सभी जान चुके हैं सलमान खान जल्द ही कबीर खान द्दारा निर्देशित अपनी आगामी फ़िल्म ट्यूबलाइट में नजर आएंगे । हालांकि फ़िल्म को रिलीज होने में अभी कुछ हफ़्ते बाकी हैं लेकिन फ़िल्म का प्रमोशन जोरों पर चल रहा है । सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाले सलमान खान ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर अपने बचपन की एक ऐसी तस्वीर पोस्ट की जिसमें सलमान खान के साथ सोहेल खान नजर आ रहे हैं ।
अपने छोटे भाई सोहेल खान के साथ इस तस्वीर को शेयर करते हुए सलमान खान ने लिखा, 'बंधु सोहेल खान और कप्तान का भाईहुड' । आपको बता दें कि सोहेल फिल्म ट्यूबलाइट में सलमान के रील लाइफ भाई के रोल में नजर आएंगे । दिलचस्प बात ये है कि सलमान खान का अपने दोनों भाईयों सोहेल खान और अरबाज खान से भी उतना ही अच्छा रिलेशन है जितना फ़िल्म में दिखाई देगा ।
फ़िल्म की बात करें तो, ट्यूबलाइट, जिसे एक हॉलीवुड फ़िल्म लिटिल बॉय से प्रेरित बताया जा रहा है, में सोहेल खान और चीनी अभिनेत्री झु झु अहम भूमिका में नजर आएंगी । कबीर खान द्दारा निर्देशित यह फ़िल्म 23 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















