
इस हफ़्ते की शुरूआत में कैटरीना कैफ़ सलमान खान के साथ अपनी आगामी फ़िल्म टाइगर जिंदा है के सेकेंड शेड्यूल की शूटिंग के लिए अबु धाबी रवाना हो गए हैं । कैटरीना कैफ़ ने अपने निर्देशक अली अब्बास जफर के साथ एक तस्वीर भी साझा की थी जब उन्होंने फिल्म के सेट पर कदम रखा था ।
हमने आपके साथ फ़िल्म के सेट की कुछ तस्वीरें शेयर की थी जिसने फ़िल्म और इस जोड़ी को एक बार पर्दे पर साथ देखने के उत्साह को बढ़ा दिया था । अब फ़िल्म के निर्देशक अली अब्बास जफ़र ने इस प्यारी सी तस्वीर को शेयर किया है जिसमें कैटरीना कैफ़ और सलमान खान फ़िल्म के सेट पर कुछ इस अंदाज में नजर आए । यह तस्वीर दरअसल, ऑस्ट्रिया में शूट हुए एक गाने की है जहां कोई भी देख सकता है कि कैटरीना कैफ़ कैसे सलमान खान की फ़ोटो खराब कर रही हैं । पीच कलर के गाउन में कैटरीना कमाल की खूबसूरत लग रही हैं वहीं सफ़ेद शर्ट और ब्लैक ट्राउजर में सलमान बेहद हैंडसम लग रहे हैं । इस फ़ोटो को शेयर करते हुए अली ने लिखा, “Very #serious @katrinakaif & super focused @beingsalmankhan #behind the sc @tigerzindahai #friday feelings.”
निर्देशक अली अब्बास जफ़र द्दारा निर्देशित और यशराज फ़िल्म्स द्दारा प्रोड्यूस्ड फ़िल्म टाइगर जिंदा है साल 2012 में आई फ़िल्म एक था टाइगर का सीक्वल है, जिसे कबीर खान ने निर्देशित किया था । इस फ़िल्म में भी सलमान खान और कैटरीना कैफ़ की जोड़ी टाइगर और जोया के किरदार में नजर आएंगे । यह फ़िल्म 22 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















